ब्योमकेश मिश्रा/न्यूज़11 भारत
चंदनकियारी/डेस्क: आरपीएफ पोस्ट भोजूडीह एवं सीआईबी आद्रा की संयुक्त टीम ने गुरुवार (9 जुलाई) को बड़ी कार्रवाई करते हुए रेलवे का चोरी का सामान लदे एक टाटा इंट्रा पिकअप वाहन को जब्त किया तथा एक आरोपी को गिरफ्तार किया. कार्रवाई गुप्त सूचना के आधार पर की गई.
आरपीएफ के अनुसार, उपनिरीक्षक व्यास राजक के नेतृत्व में आरपीएफ भोजूडीह एवं सीआईबी आद्रा की संयुक्त टीम ने सुदामडीह-भौरा रेलखंड के रेल किलोमीटर संख्या 316/31-317/01 के समीप छापेमारी की. इस दौरान रेलवे ट्रैक से लगभग 40 फीट दक्षिण दिशा में कच्ची सड़क पर JH10CQ-5743 नंबर की टाटा इंट्रा पिकअप खड़ी मिली.
टीम को देखते ही रेलवे का सामान लोड कर रहा एक व्यक्ति मौके से फरार हो गया, जबकि दूसरे व्यक्ति श्याम कुमार राजक (36 वर्ष), निवासी बनियाहिर नंबर-7, झरिया, धनबाद को मौके पर ही पकड़ लिया गया.
वाहन की तलाशी में लगभग 4 से 5 फीट लंबाई वाले 10 नग CST-9 प्लेट टाईबार बरामद हुए. पूछताछ के दौरान आरोपी रेलवे सामग्री से संबंधित कोई वैध दस्तावेज, चालान या स्वामित्व प्रमाण प्रस्तुत नहीं कर सका.
इसके बाद आरपीएफ ने बरामद रेलवे सामग्री एवं पिकअप वाहन को विधिवत जब्त कर लिया. आरोपी श्याम कुमार राजक को रेलवे संपत्ति (अवैध कब्जा) अधिनियम [RP(UP) Act] की धारा 3(अ) के तहत गिरफ्तार किया गया. इस संबंध में आरपीएफ पोस्ट भोजूडीह में कांड संख्या 04/2026 दर्ज किया गया है.
आरपीएफ ने बताया कि गिरफ्तार आरोपी को 10 जुलाई 2026 को आगे की कानूनी कार्रवाई के लिए धनबाद स्थित माननीय न्यायालय में प्रस्तुत किया जाएगा. बरामद रेलवे संपत्ति का अनुमानित मूल्य ₹12,500 बताया गया है. आरपीएफ ने कहा कि रेलवे संपत्ति की चोरी एवं अवैध कारोबार के विरुद्ध आगे भी अभियान लगातार जारी रहेगा.