न्यूज़11 भारत
रांची/डेस्क: राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू आज 26 फरवरी से एक दिवसीय झारखंड दौरे पर आ रही हैं. उनके आगमन को लेकर राज्य प्रशासन और सुरक्षा एजेंसियां पूरी तरह सतर्क हो गई है. दौरे के मद्देनजर राजधानी रांची समेत जमशेदपुर में विशेष सुरक्षा व्यवस्था लागू की गई हैं. निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार राष्ट्रपति एयरफोर्स के विशेष विमान से रांची एयरपोर्ट पहुंचेंगी. यहां से वे हेलीकॉप्टर के जरिए जमशेदपुर के सोनारी एयरपोर्ट रवाना होंगी. राष्ट्रपति के आगमन को लेकर एयरपोर्ट परिसर में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है और सभी संबंधित एजेंसियों को हाई अलर्ट पर रखा गया हैं.
जगन्नाथ मंदिर में करेंगी भूमि पूजन
जमशेदपुर प्रवास के दौरान राष्ट्रपति शहर स्थित जगन्नाथ मंदिर परिसर में आयोजित भूमि पूजन कार्यक्रम में शामिल होंगी. इस दौरान वे प्रस्तावित निर्माण कार्य का शिलान्यास करेंगी और करीब एक घंटे तक कार्यक्रम में मौजूद रहेंगी. इस आयोजन को लेकर स्थानीय प्रशासन ने तैयारियां पूरी कर ली हैं.
सुरक्षा के कड़े इंतजाम
राष्ट्रपति के दौरे को देखते हुए जिला प्रशासन और पुलिस विभाग ने व्यापक सुरक्षा योजना लागू की हैं. शहर के प्रमुख मार्गों, कार्यक्रम स्थल और एयरपोर्ट क्षेत्र में अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती की जाएगी. वीवीआईपी मूवमेंट के कारण ट्रैफिक व्यवस्था में आंशिक बदलाव भी किया जा सकता है, जिसके लिए आम लोगों से सहयोग की अपील की गई हैं.
रांची एयरपोर्ट बना नो-फ्लाइंग जोन
रांची सदर एसडीओ ने सुरक्षा कारणों से एयरपोर्ट और उसके आसपास के इलाके को नो-फ्लाइंग जोन घोषित किया है. इस दौरान ड्रोन, पैराग्लाइडिंग, हॉट एयर बैलून या किसी भी प्रकार की उड़ने वाली गतिविधि पूरी तरह प्रतिबंधित रहेगी. इसके साथ ही BNSS की धारा-163 के तहत सुबह 6 बजे से रात 10 बजे तक निषेधाज्ञा लागू रहेगी. प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि आदेश का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी.
यह भी पढ़ें: झारखंड में बढ़ेगा तापमान, ठंड की होगी छुट्टी