न्यूज़11 भारत
रांची/डेस्क: झारखंड के युवाओं के लिए सरकारी नौकरी का बड़ा मौका सामने आने वाला हैं. राज्य सरकार ने पुलिस विभाग में खाली पड़े पदों को भरने की दिशा में तेज़ी से कदम बढ़ा दिए हैं. मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन के नेतृत्व में झारखंड पुलिस में 9,362 सिपाहियों की सीधी नियुक्ति की तैयारी शुरू हो गई हैं. इस बहाली को लेकर पुलिस मुख्यालय, गृह विभाग और अन्य संबंधित विभागों में गतिविधियां तेज हो चुकी हैं.
जानकारी के अनुसार, झारखंड पुलिस मुख्यालय ने रिक्त पदों का विस्तृत ब्यौरा तैयार कर लिया हैं. साथ ही आरक्षण नियमों के अनुसार रोस्टर भी तैयार किया जा चुका हैं. अब इस प्रस्ताव को गृह, कारा एवं आपदा प्रबंधन विभाग को भेजा जा रहा है, जहां से स्वीकृति मिलने के बाद भर्ती प्रक्रिया को आगे बढ़ाया जाएगा.
गृह विभाग से मंजूरी मिलते ही प्रस्ताव झारखंड कर्मचारी चयन आयोग (JSSC) को भेजा जाएगा. इसके बाद आयोग की ओर से भर्ती का आधिकारिक विज्ञापन जारी किया जाएगा. माना जा रहा है कि अगले कुछ महीनों के भीतर अभ्यर्थियों के लिए आवेदन प्रक्रिया शुरू हो सकती हैं. इस भर्ती अभियान के जरिए जिला पुलिस बल और विशेष इकाइयों में लंबे समय से चल रही सिपाहियों की कमी को दूर किया जाएगा. सरकार का मानना है कि पर्याप्त संख्या में जवानों की नियुक्ति से राज्य की कानून व्यवस्था और सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत किया जा सकेगा.
बता दें कि, इससे पहले झारखंड में सिपाही भर्ती के लिए 4,919 पदों पर नियुक्ति प्रक्रिया शुरू की गई थी. इसमें 20 जिलों में नियमित श्रेणी के 3,799 पद और 11 जिलों में बैकलॉग के 1,120 पद शामिल थे. इस भर्ती के लिए 15 जनवरी से 28 फरवरी 2024 तक ऑनलाइन आवेदन लिए गए थे और हजारों युवाओं ने आवेदन किया था. हालांकि उस भर्ती प्रक्रिया की परीक्षा किसी भी स्तर पर शुरू नहीं हो सकी थी और बाद में उसे रद्द कर दिया गया. अब सरकार नई नियमावली और संशोधित प्रक्रिया के तहत बड़ी संख्या में नई बहाली की तैयारी कर रही हैं.
यह भी पढ़े: BSNL का सस्ता और तगड़ा ऑफर! 70 दिन तक अनलिमिटेड कॉलिंग और फुल डेटा पैक