राहुल कुमार/न्यूज़11 भारत
चंदवा/डेस्क: लातेहार जिले के चंदवा प्रखंड अंतर्गत रोल गांव स्थित न्यायमूर्ति एल.पी.एन. शाह देव स्मारक उच्च विद्यालय में तीन दिन पूर्व हुई चोरी की घटना के बाद भारतीय जनता पार्टी के झारखंड प्रदेश मुख्य प्रवक्ता प्रतुल शाह देव विद्यालय पहुंचे. उन्होंने कंप्यूटर लैब का निरीक्षण कर विद्यालय प्रबंधन से घटना की विस्तृत जानकारी ली तथा पुलिस प्रशासन से मामले का शीघ्र उद्भेदन कर दोषियों की गिरफ्तारी की मांग की.
निरीक्षण के दौरान प्रतुल शाह देव ने कहा कि प्रसिद्ध झारखंड आंदोलनकारी एवं झारखंडी मूल के प्रथम न्यायाधीश न्यायमूर्ति एल.पी.एन. शाह देव की स्मृति में स्थापित इस विद्यालय की कंप्यूटर लैब से लैब संचालन में उपयोग होने वाली आठ बैटरियों की चोरी केवल संपत्ति की चोरी नहीं, बल्कि ग्रामीण विद्यार्थियों की आधुनिक शिक्षा पर सीधा आघात है.
उन्होंने कहा कि बैटरियों की चोरी के कारण कंप्यूटर लैब पूरी तरह ठप हो गई है, जिससे हजारों विद्यार्थियों की डिजिटल शिक्षा प्रभावित हो रही है. पुलिस प्रशासन को इस घटना को सामान्य चोरी न मानते हुए शिक्षा व्यवस्था को बाधित करने वाली गंभीर घटना के रूप में लेते हुए त्वरित कार्रवाई करनी चाहिए.
प्रतुल शाह देव ने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में आधुनिक शिक्षा के संसाधन पहले से ही सीमित हैं. ऐसे में कंप्यूटर लैब जैसी महत्वपूर्ण सुविधा का प्रभावित होना विद्यार्थियों के भविष्य के साथ अन्याय है. उन्होंने पुलिस से चोरी गई बैटरियों की शीघ्र बरामदगी, मामले का खुलासा तथा दोषियों के विरुद्ध कड़ी कानूनी कार्रवाई सुनिश्चित करने की मांग की.
उन्होंने विश्वास जताया कि प्रशासन इस मामले में शीघ्र कार्रवाई कर कंप्यूटर लैब को पुनः संचालित कराने और विद्यार्थियों की पढ़ाई को सामान्य करने के लिए आवश्यक कदम उठाएगा. इस अवसर पर विद्यालय के प्रधानाचार्य प्रशांत शाह देव सहित विद्यालय के शिक्षकगण उपस्थित थे.