न्यूज़11 भारत
बड़कागांव/डेस्क: विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर गोंदुलपारा खनन परियोजना के तहत अदाणी फाउंडेशन ने शुक्रवार को विभिन्न कार्यक्रमों का आयोजन किया. इसके तहत परियोजना के अधिकारियों और कर्मचारियों ने अदाणी कार्यालय परिसर, चंदौल मिड्ल स्कूल, प्राथमिक विद्यालय होरम और बेस स्थित मिड्ल स्कूल में बड़ी संख्या में फलदार एवं छायादार पौधे लगाए और उसका वितरण किया. गर्मी छुट्टियों के चलते स्कूल बंद होने के बाद भी बड़ी संख्या में स्कूली बच्चों ने भी पौधरोपण किया. इसके अलावा ग्रामीणों के बीच झारखण्ड स्टेट प्रदूषण कंट्रोल बोर्ड के साथ मिलकर अदाणी फॉउंडेशन ने करीब छह सौ जूट बैग का भी वितरण किया. ये बैग इको फ्रेंडली हैं जो प्लास्टिक का विकल्प बनेंगे और पर्यावरण की रक्षा भी करेंगे.
अदाणी फाउंडेशन ने इस अवसर पर पौधारोपण कर पर्यावरण संरक्षण के प्रति अपनी प्रतिबद्धता प्रदर्शित की. कार्यक्रम में उपस्थित अतिथियों ने कहा कि फाउंडेशन के इस प्रयास से क्षेत्र में पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूकता बढ़ेगी. वक्ताओं ने लोगों से अधिक से अधिक पौधे लगाने और आने वाली पीढ़ियों के लिए पर्यावरण बचाने का आह्वान किया.
अदाणी फाउंडेशन की ओर से विभिन्न स्थानों पर जामुन, आम, गुलमोहर, नारियल, अमरूद, लीची, कटहल एवं करंज सहित लगभग 300 पौधे लगाए गए तथा ग्रामीणों के बीच उनका वितरण किया गया. कार्यक्रम के अंत में उपस्थित सभी लोगों ने पर्यावरण संरक्षण की शपथ ली और अपने जीवन में कम से कम एक पौधा अवश्य लगाने का संकल्प लिया. इसके अलावा परियोजना प्रभावित बच्चों, युवाओं तथा अर्धसैनिक बलों के लिए पेंटिंग और स्लोगन प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया. प्रतियोगिता के विजेताओं को पुरस्कृत कर उनका उत्साहवर्धन किया गया. विश्व पर्यावरण दिवस 2026 की थीम "प्रकृति से प्रेरित, जलवायु के लिए, हमारे भविष्य के लिए" पर आधारित विभिन्न कार्यक्रम भी आयोजित किए गए. इस दौरान सभी लोगों ने प्लास्टिक का कम से कम उपयोग करने की शपथ ली.