न्यूज11 भारत
पलामू/डेस्क: पलामू जिले के धनबाद रेल मंडल अंतर्गत राजहरा रेलवे स्टेशन के समीप गुरुवार को एक बड़ा रेल हादसा हो गया. यहां एक लॉन्ग हॉल मालगाड़ी के 15 वैगन अचानक पटरी से उतर गए. पूर्व मध्य रेलवे द्वारा इस संबंध में आधिकारिक बुलेटिन नंबर एक जारी कर दिया गया है. रेलवे से प्राप्त आधिकारिक जानकारी के अनुसार इस हादसे के कारण अप और रिवर्सिबल लाइन पर ट्रेनों का परिचालन पूरी तरह से ठप हो गया है, जिसके चलते रांची-सासाराम एक्सप्रेस और बरवाडीह-डेहरी ऑन सोन पैसेंजर ट्रेन को तत्काल प्रभाव से रद्द करना पड़ा है.
यह दुर्घटना गुरुवार दोपहर को उस समय हुई जब धनबाद रेल मंडल की लॉन्ग हॉल मालगाड़ी दोपहर बारह बजकर पचपन मिनट पर केएफटी स्टेशन से आगे बढ़ी थी. इसके बाद दोपहर एक बजकर पंद्रह मिनट पर राजहरा रेलवे स्टेशन के पास जब ट्रेन को अप लाइन से रिवर्सिबल लाइन पर डायवर्ट किया जा रहा था, तभी अचानक मालगाड़ी के अगले हिस्से में शामिल अठारहवें वैगन से लेकर बत्तीसवें वैगन तक के कुल पंद्रह डिब्बे एक-एक कर पटरी से नीचे उतर गए. मालगाड़ी के बेपटरी होने की आवाज इतनी जोरदार थी कि आसपास के इलाकों में अफरा-तफरी मच गई.
इस भीषण हादसे के कारण रेलवे ट्रैक को भारी नुकसान पहुंचा है. मालगाड़ी के डिब्बे पटरी से उतरकर किनारे कतार में खड़े ओएचई पोल से जा टकराए, जिससे कई पोल उखड़ गए और रेलवे के विद्युत तार टूटकर जमीन पर आ गिरे. इस तकनीकी खराबी और मलबे के कारण अप और रिवर्सिबल लाइन का पूरा रूट ब्लॉक हो गया है, हालांकि गनीमत यह रही कि डाउन मेन लाइन पूरी तरह सुरक्षित है और वहां परिचालन सुचारू है. रेलवे ने इस ट्रैक खराबी के कारण गुरुवार को चलने वाली गाड़ी संख्या 18635 रांची-सासाराम एक्सप्रेस और गाड़ी संख्या 53349 बरवाडीह-डेहरी ऑन सोन पैसेंजर ट्रेन को रद्द रखने का निर्णय लिया है.
घटना की सूचना मिलते ही धनबाद रेल मंडल के आला अधिकारी और तकनीकी विशेषज्ञों की टीम दुर्घटना राहत ट्रेन के साथ मौके पर पहुंच चुकी है. रेलवे के वरिष्ठ अधिकारियों की देखरेख में युद्ध स्तर पर ट्रैक को साफ करने और टूटे हुए विद्युत पोल व तारों को दुरुस्त करने का काम शुरू कर दिया गया है. रेलवे प्रशासन का कहना है कि रूट को जल्द से जल्द बहाल करने का प्रयास किया जा रहा है और सभी संबंधित विभागों को इस बुलेटिन के आधार पर आवश्यक कदम उठाने के निर्देश दिए गए हैं.

यह भी पढ़ें: JEE Advanced में झारखंड में चौथे स्थान पर रहे Swarit Ranjan, शिक्षक हृषिकेश पाण्डेय हुए सम्मानित