अरुण कुमार बरनवाल/न्यूज11 भारत
धनबाद/डेस्क:उपायुक्त आदित्य रंजन के निर्देशानुसार सड़क दुर्घटनाओं पर प्रभावी रोक लगाने तथा राष्ट्रीय राजमार्ग पर सुगम यातायात सुनिश्चित करने के उद्देश्य से सोमवार को नेशनल हाईवे टास्क फोर्स टीम ने सघन जांच अभियान चलाया.
इसके तहत राष्ट्रीय राजमार्ग के किनारे अनाधिकृत एवं अवैध रूप से खड़े भारी एवं अन्य वाहनों के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई की गई. जांच के दौरान नियमों का उल्लंघन कर सड़क किनारे पार्क किए गए कुल 52 वाहनों के विरुद्ध चालान काटा गया, जिनसे कुल चार लाख रुपये का जुर्माना वसूल किया गया.
अभियान में परिवहन कार्यालय से मोटरयान निरीक्षक, जिला सड़क सुरक्षा टीम, पुलिस पदाधिकारी एवं बल तथा भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण की रूट पेट्रोलिंग व्हीकल टीम संयुक्त रूप से शामिल रही. टीम द्वारा हाईवे के विभिन्न संवेदनशील हिस्सों का निरीक्षण कर यातायात बाधित कर रहे वाहनों पर त्वरित कार्रवाई की गई.
कार्रवाई के साथ-साथ टीम ने वाहन चालकों एवं ट्रांसपोर्टरों को सड़क पर बेतरतीब ढंग से वाहन खड़ा न करने की सख्त हिदायत दी. उन्हें समझाया गया कि हाईवे किनारे खड़े वाहन अक्सर गंभीर एवं जानलेवा सड़क हादसों का मुख्य कारण बनते हैं. चालकों को निर्धारित पार्किंग स्थलों का ही उपयोग करने तथा यातायात नियमों का पालन करने के प्रति जागरूक भी किया गया.
जिला प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि राष्ट्रीय राजमार्ग पर अवैध पार्किंग के विरुद्ध यह अभियान आगे भी निरंतर जारी रहेगा. नियम तोड़ने वाले वाहन मालिकों एवं चालकों के विरुद्ध भविष्य में और भी सख्त दंडात्मक कार्रवाई की जाएगी.
यह भी पढ़ें: स्वास्थ्य विभाग की विशेष सचिव डॉ. नेहा अरोड़ा का सिमडेगा आगमन, डीसी सहित अधिकारियों ने किया स्वागत