न्यूज़11 भारत
रांची/डेस्क: नगर पालिका (आम) निर्वाचन 2026 के सफल, शांतिपूर्ण एवं सुव्यवस्थित संचालन हेतु रांची जिला प्रशासन द्वारा सभी आवश्यक तैयारियां पूर्ण कर ली गई हैं. इस निर्वाचन के अंतर्गत रांची नगर निगम क्षेत्र तथा बुंडू नगर पंचायत क्षेत्र* के मतदान केंद्रों के लिए पोलिंग पार्टियों को 22 फरवरी 2026 को रवाना किया जाएगा. रवानगी का मुख्य केंद्र मोरहाबादी फुटबॉल स्टेडियम डिस्पैच सेंटर बनाया गया है. डिस्पैच सेंटर में मतदान सामग्री, बैलेट पेपर, सुरक्षा उपकरण, आवश्यक रिकॉर्ड, वाहन व्यवस्था, मतदान कर्मियों के लिए बैठने एवं प्रतीक्षा की उचित व्यवस्था, पेयजल, प्रकाश, सुरक्षा बलों की तैनाती सहित सभी मूलभूत सुविधाएं पूर्ण रूप से सुनिश्चित कर ली गई हैं.
आज देर रात जिला निर्वाचन पदाधिकारी सह उपायुक्त रांची मंजूनाथ भजंत्री ने मोरहाबादी फुटबॉल स्टेडियम स्थित डिस्पैच सेंटर का गहन निरीक्षण किया. निरीक्षण के दौरान उन्होंने सभी व्यवस्थाओं का बारीकी से जायजा लिया तथा संबंधित पदाधिकारियों, नोडल अधिकारियों एवं टीमों को स्पष्ट निर्देश दिए कि राज्य निर्वाचन आयोग के सभी दिशा-निर्देशों, प्रक्रियाओं एवं समय-सारिणी का पूर्ण रूप से पालन सुनिश्चित किया जाए. मालूम हो क़ि निर्वाचन प्रक्रिया को पूर्णतः निष्पक्ष, पारदर्शी एवं निर्भय वातावरण में संपन्न कराना है. पोलिंग पार्टियों की समयबद्ध एवं सुचारु रवानगी, मतदान दिवस (23 फरवरी 2026) को शांतिपूर्ण मतदान तथा मतगणना तक की सभी व्यवस्थाएं उच्च स्तरीय निगरानी में की जा रही हैं.
मतदान 23 फरवरी 2026 को सुबह 7 बजे से शाम 5 बजे तक होगा. रांची नगर निगम के 53 वार्डों में कुल 909 मतदान केंद्र स्थापित किए गए हैं. जिला प्रशासन सभी मतदाताओं, प्रत्याशियों, राजनीतिक दलों एवं आम जनता से अपील करता है कि वे निर्वाचन प्रक्रिया में सक्रिय भागीदारी करें, शांतिपूर्ण मतदान सुनिश्चित करें तथा राज्य निर्वाचन आयोग एवं जिला प्रशासन द्वारा जारी किसी भी निर्देश का पालन करें. इस दौरान वरीय पुलिस अधीक्षक राँची, राकेश रंजन, उप विकास आयुक्त राँची, सौरभ कुमार भुवनिया, पुलिस अधीक्षक ग्रामीण एवं यातायात, अनुमंडल पदाधिकारी सदर राँची, कुमार रजत एवं सम्बंधित सभी पदाधिकारी उपस्थित थे.
ये भी पढ़ें- पटना विश्वविद्यालय का बड़ा फैसला, छात्र संघ चुनाव 2025-26 रद्द