न्यूज़11 भारत
पटना/डेस्क: पटना विश्वविद्यालय प्रशासन ने वर्ष 2025-26 के छात्र संघ चुनाव को रद्द करने का बड़ा निर्णय लिया है. छात्र संघ चुनाव के लिए 28 फरवरी 2026 को मतदान प्रस्तावित था. विश्वविद्यालय की ओर से जारी जानकारी के अनुसार, हाल के दिनों में परिसर में हुई कई अप्रत्याशित घटनाओं को ध्यान में रखते हुए यह फैसला लिया गया. प्रशासन का कहना है कि कुछ प्रत्याशी और समर्थक अनधिकृत रूप से परिसर में प्रवेश कर रहे थे तथा नारेबाजी और हंगामे के माध्यम से चुनाव आचार संहिता का उल्लंघन कर रहे थे.
इसके अलावा, शिक्षकों और विश्वविद्यालय पदाधिकारियों के साथ अमर्यादित व्यवहार किए जाने की घटनाएं भी सामने आईं. इन परिस्थितियों को गंभीर मानते हुए विश्वविद्यालय ने चुनाव प्रक्रिया को तत्काल प्रभाव से निरस्त करने का निर्णय लिया. विश्वविद्यालय प्रशासन ने कहा है कि शैक्षणिक वातावरण और परिसर की गरिमा बनाए रखना सर्वोच्च प्राथमिकता है. नई तिथि की घोषणा को लेकर फिलहाल कोई आधिकारिक जानकारी नहीं दी गई है.
ये भी पढ़ें- कल रांची में विद्युत आपूर्ति एक घंटे रहेगी बाधित, मरम्मत कार्य के चलते कई इलाकों में असर