मुमताज अहमद/न्यूज11 भारत
खलारी/डेस्क: सेंट्रल कोल फील्ड्स लिमिटेड (सीसीएल) के आम्रपाली चंद्रगुप्त क्षेत्र द्वारा जिला प्रशासन चतरा के साथ एक महत्वपूर्ण समझौता ज्ञापन (एमओयु) पर हस्ताक्षर किया गया है.यह पहल कंपनी की कॉर्पोरेट सामाजिक उत्तरदायित्व (सीएसआर) योजना के अंतर्गत की गई है,जिसका उद्देश्य आदिम जनजातीय समूह बिरहोर के जीवन स्तर में सुधार लाना है.इस समझौते के तहत इटखोरी प्रखंड की धुना पंचायत में रहने वाले बिरहोर समुदाय के 28 परिवारों के आवासों का सुदृढ़ीकरण किया जाएगा.इस परियोजना के लिए सीसीएल द्वारा कुल ₹28,49,700/- (अट्ठाईस लाख उन्चास हजार सात सौ रुपये) की राशि जिला प्रशासन को उपलब्ध कराई जाएगी.एमओयू पर सीसीएल की ओर से अमरपाली चंद्रगुप्त क्षेत्र के महाप्रबंधक संजीव कुमार तथा जिला प्रशासन की ओर से जिला खनन पदाधिकारी-सह-नोडल पदाधिकारी (सीएसआर) मनोज टोप्पो ने हस्ताक्षर किया.
इस अवसर पर उपायुक्त कीर्तिश्री,उप विकास आयुक्त अमरेंद्र कुमार सिन्हा एवं योजना पदाधिकारी शिशिर पंडित सहित कई अन्य पदाधिकारी एवं कर्मी उपस्थित थे.यह पहल न केवल बिरहोर समुदाय को सुरक्षित और टिकाऊ आवास उपलब्ध कराएगी, बल्कि उनके सामाजिक एवं आर्थिक सशक्तिकरण की दिशा में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी.सीसीएल की यह सीएसआर गतिविधि कंपनी की सामाजिक जिम्मेदारी और समावेशी विकास के प्रति उसकी प्रतिबद्धता को दर्शाती है.बिरहोर जैसे विशेष रूप से कमजोर जनजातीय समूहों के जीवन स्तर को बेहतर बनाने के लिए इस तरह की पहल अत्यंत महत्वपूर्ण हैं.यह एमओयू क्षेत्रीय विकास और सामाजिक समावेशन की दिशा में एक सकारात्मक और प्रभावी कदम माना जा रहा है.
यह भी पढ़ें: बिरनी प्रखंड के भरकट्टा ओपी के चिताखारो गांव में अवैध कोयला लदी बाइक की टक्कर से युवक की मौत