संतोष मेहता/ न्यूज़ 11 भारत
बुंडू/डेस्क: बुंडू में सरहुल के पावन अवसर पर भव्य पारंपरिक कार्यक्रम का आयोजन किया गया, जिसमें विधायक विकास कुमार मुंडा अपने परिवार के साथ शामिल हुए. इस मौके पर उन्होंने विधिवत पूजा-अर्चना कर क्षेत्र की सुख-समृद्धि, शांति और खुशहाली की कामना की.
सरहुल जैसे महत्वपूर्ण आदिवासी पर्व पर पूरे क्षेत्र में उत्साह और उल्लास का माहौल देखने को मिला. कार्यक्रम के दौरान विधायक विकास कुमार मुंडा अपनी पत्नी के साथ पारंपरिक नृत्य में शामिल हुए और स्थानीय लोगों के साथ झूमते नजर आए. दोनों की सहभागिता ने वहां मौजूद लोगों का ध्यान आकर्षित किया और माहौल को और अधिक जीवंत बना दिया.
कार्यक्रम में बड़ी संख्या में ग्रामीण और स्थानीय लोग उपस्थित रहे. महिलाएं और पुरुष पारंपरिक वेशभूषा में लोकनृत्य करते नजर आए, वहीं ढोल-नगाड़ों और पारंपरिक संगीत की धुन पर लोग देर तक झूमते रहे. पूरे क्षेत्र में सरहुल पर्व की सांस्कृतिक और प्रकृति के प्रति आस्था साफ झलक रही थी.
इस अवसर पर विधायक विकास कुमार मुंडा ने सभी क्षेत्रवासियों को सरहुल पर्व की शुभकामनाएं दीं. उन्होंने कहा कि सरहुल केवल एक पर्व नहीं, बल्कि प्रकृति, संस्कृति और सामाजिक एकता का प्रतीक है. यह हमें अपनी जड़ों से जुड़े रहने और परंपराओं को सहेजकर रखने की प्रेरणा देता है. उन्होंने लोगों से आपसी भाईचारा बनाए रखने और समाज में एकता को मजबूत करने की अपील की. साथ ही कहा कि आने वाली पीढ़ियों तक अपनी सांस्कृतिक धरोहर को सुरक्षित रखना हम सभी की जिम्मेदारी है.
यह भी पढ़ें: यूसिल की तूरामडीह यूरेनियम प्रोजेक्ट के रक्तदान शिविर में 153 यूनिट रक्त संग्रह