राहुल कुमार/न्यूज11 भारत
लातेहार/डेस्क: झारखंड अंजुमन लातेहार के तत्वावधान में गुरुवार को मदरसा खैरुल उलूम परिसर में भव्य मेगा रक्तदान शिविर का आयोजन किया गया. कार्यक्रम में झारखंड सरकार के अल्पसंख्यक कल्याण मंत्री हफिजुल हसन अंसारी बतौर मुख्य अतिथि शामिल हुए, जिनका अंजुमन कमेटी की ओर से फूल-माला पहनाकर जोरदार स्वागत किया गया.
मंत्री ने अपने संबोधन में कहा कि रक्तदान किसी जाति या धर्म से जुड़ा नहीं है, बल्कि यह मानवता की सबसे बड़ी सेवा है. उन्होंने लोगों से अपील की कि हर स्वस्थ व्यक्ति को नियमित रूप से रक्तदान करना चाहिए. उन्होंने चंदवा में आयोजित इस शिविर को राज्य के सबसे भव्य आयोजनों में से एक बताते हुए मदरसा खैरुल उलूम के लिए 50 बेड के हॉस्टल निर्माण की घोषणा भी की. साथ ही उन्होंने ठाकुर विश्वनाथ शाहदेव की जयंती पर उन्हें नमन किया और शिक्षा के महत्व पर जोर देते हुए कहा कि समाज के विकास के लिए बच्चों का शिक्षित होना बेहद जरूरी है.
झामुमो जिलाध्यक्ष लाल मोती नाथ शाहदेव ने कहा कि जिले में रक्तदान को एक अभियान के रूप में चलाया जा रहा है ताकि किसी को भी खून के लिए भटकना न पड़े. वहीं झारखंड अंजुमन के जुनैद अनवर ने मंत्री के आगमन पर आभार व्यक्त करते हुए बताया कि संस्था लगातार रक्तदान शिविर आयोजित कर रही है और अब तक 113 जरूरतमंदों को आर्थिक सहायता भी दी जा चुकी है. अंजुमन इस्लामिया रांची के सदर मो. मुख्तार ने कहा कि “नर सेवा ही नारायण सेवा है”, और सभी धर्मों के लोगों को एक-दूसरे का सम्मान व सेवा करनी चाहिए. कार्यक्रम में अंजुमन रांची के महासचिव डॉ तारिक हुसैन समेत कई वक्ताओं ने भी अपने विचार रखे.
250 यूनिट रक्त संग्रह, स्वास्थ्य सेवाएं भी उपलब्ध
शिविर में खबर लिखे जाने तक 250 यूनिट रक्त संग्रह किया जा चुका था और देर शाम तक रक्तदान जारी रहा. इसके साथ ही शिविर में निःशुल्क स्वास्थ्य जांच, नेत्र परीक्षण एवं परामर्श की भी व्यवस्था की गई थी. रांची से आई महिला रोग विशेषज्ञ डॉ रुमिता आफरीन और फिजिशियन डॉ मोईनुल हक ने सैकड़ों लोगों की जांच कर आवश्यक सलाह दी.
कार्यक्रम के अंत में मंत्री ने रक्तदाताओं को प्रशस्ति पत्र एवं मेडल देकर सम्मानित किया. मंच संचालन मदरसा के नाजिम मौलाना रिजवान दानिश नदवी ने कि मौके पर झामुमो जिला उपाध्यक्ष सितमोहन मुंडा, महिला मोर्चा जिला अध्यक्ष रीना देवी, शमशुल होदा, प्रखंड उप प्रमुख अश्विनी मिश्रा, प्रखंड अध्यक्ष मनोज चौधरी, युवा मोर्चा जिला उपाध्यक्ष अंकित तिवारी, अल्पसंख्यक मोर्चा जिला उपाध्यक्ष नौशाद अंसारी सहित अंजुमन कमेटी के कई सदस्य व स्थानीय गणमान्य लोग उपस्थित रहे.
यह भी पढ़ें: यौन शोषण के आरोप में सीसीएल कर्मी गिरफ्तार, भेजा जेल