न्यूज11 भारत
रांची/डेस्क: रांची के लालपुर में मुस्लिम युवकों द्वारा एक हिंदू युवती के साथ हुए कथित दुष्कर्म की घटना को लेकर भारतीय जनता पार्टी ने कड़ा और आक्रामक रुख अपनाया है. प्रदेश अध्यक्ष आदित्य साहू और नेता प्रतिपक्ष बाबूलाल मरांडी के निर्देश पर प्रदेश प्रवक्ता अजय साह ने आर्किड अस्पताल पहुंचकर पीड़िता से मुलाकात की और उसे पार्टी की ओर से पूर्ण समर्थन एवं हर संभव सहयोग का भरोसा दिलाया. दोनों वरिष्ठ नेताओं ने दूरभाष पर बातचीत कर पीड़िता का मनोबल बढ़ाया और हर स्तर पर साथ देने का आश्वासन दिया.
अजय साह ने कहा कि पीड़िता इस समय अत्यंत डरी-सहमी, भयभीत और मानसिक रूप से आहत अवस्था में है. उन्होंने गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि पीड़िता और इस मामले में उसकी मदद कर रही उसकी सहेली को लगातार डराया-धमकाया जा रहा है तथा मुकदमा वापस लेने के लिए दबाव बनाया जा रहा है. मुख्य आरोपी दानिश के पिता, भाई और उसके गुर्गे लगातार पीड़िता और उसकी सहेली का पीछा कर रहे हैं और तरह-तरह के हथकंडे अपनाकर उनपर दबाव डाल कर केस वापस लेने का प्रयास कर रहे हैं.
भाजपा ने प्रशासन से मांग की है कि पीड़िता को तत्काल प्रभाव से कड़ी सुरक्षा प्रदान की जाए, ताकि वह बिना किसी भय और दबाव के न्याय की लड़ाई लड़ सके. अजय साह ने कहा कि जिस तरीके से नशीला पदार्थ खिलाकर इस जघन्य अपराध को अंजाम दिया गया, वह अत्यंत निंदनीय और गंभीर है. उन्होंने मांग की कि मुख्य आरोपी दानिश के अलावा संदिग्ध भूमिका वाले सदाब और फबाद को भी तुरंत गिरफ्तार किया जाए.
उन्होंने आगे कहा कि केस को मैनेज और प्रभावित करने के प्रयास में दानिश के पिता की भूमिका भी संदिग्ध है, इसलिए उनके विरुद्ध भी सख्त कार्रवाई करते हुए उन्हें जेल भेजा जाना चाहिए. अजय साह ने आरोप लगाया कि दानिश के पिता खुलेआम पैसे के दम पर मामले को रफा-दफा करने का दावा करते फिर रहे हैं, जो कानून व्यवस्था के लिए गंभीर चुनौती है. अजय साह ने मांग की कि इस मामले की सुनवाई फास्ट ट्रैक कोर्ट में कराई जाए, ताकि पीड़िता को शीघ्र न्याय मिल सके. साथ ही, पीड़िता को विक्टिम कॉम्पेंसेशन फंड का 25 प्रतिशत हिस्सा तत्काल प्रदान किया जाए, जिससे उसे आर्थिक और मानसिक सहयोग मिल सके.
अजय साह ने मंत्री इरफान अंसारी पर भी निशाना साधते हुए कहा कि जो नेता बिहार के मेडिकल छात्रा के हिजाब हटाने पर नौकरी और 3 लाख वेतन की घोषणा कर रहे थे वो झारखंड के मेडिकल छात्रा के दुष्कर्म पर मौन है क्योंकि आरोपी उनके समुदाय से जुड़े हैं. भाजपा ने स्पष्ट किया कि पूरी पार्टी पीड़िता के साथ मजबूती से खड़ी है. यदि मामले को कमजोर करने, प्रभावित करने या दबाने का कोई भी प्रयास किया गया, तो भाजपा चुप नहीं बैठेगी और सड़क से लेकर सदन तक व्यापक आंदोलन कर न्याय सुनिश्चित कराने के लिए हर संभव कदम उठाएगी. प्रेस वार्ता में प्रदेश मीडिया सह प्रभारी योगेंद्र प्रताप सिंह और अशोक बड़ाईक भी मौजूद थे.
ये भी पढ़ें- पूर्व मंत्री एनोस एक्का को सुप्रीम कोर्ट से मिली सशर्त जमानत, आदिवासी जमीन लौटाने का निर्देश