न्यूज11 भारत
रांची/डेस्क: पड़ोसी राज्य बिहार में पहली बार भाजपा का नेतृत्व मिलने पर झारखंड भाजपा के नेताओं में भी खासा उत्साह व्याप्त है. सम्राट चौधरी के मुख्यमंत्री बनने पर भाजपा के वरिष्ठ नेताओं ने उन्हें बधाई एवं शुभकामना दिया है. नेताओं ने उनके सफल और ऐतिहासिक कार्यकाल की मंगलकामना की है.
प्रदेश अध्यक्ष आदित्य साहू ने बिहार की जनता के लिए इसे एक नए संकल्प और नई ऊर्जा का क्षण बतलाया है. कहा है कि पूर्ण विश्वास है कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी तथा राज्यसभा सांसद नीतीश कुमार के मार्गदर्शन में एनडीए की यह सरकार शौर्य, ज्ञान और समृद्ध परंपराओं की धरती बिहार को विकास, सुशासन और जनकल्याण के नए आयामों तक पहुँचाएगी. साथ ही उप-मुख्यमंत्री विजय कुमार चौधरी एवं बिजेंद्र प्रसाद यादव को भी बधाई दी है.
नेता प्रतिपक्ष बाबूलाल मरांडी ने कहा कि यह नेतृत्व बिहार के लिए एक नई दिशा और ऊर्जा लेकर आएगा. प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन एवं सम्राट चौधरी के नेतृत्व में एनडीए सरकार बिहार में सुशासन, विकास और जनकल्याण के नए आयाम स्थापित करेगी. निश्चित रूप से इनके कुशल नेतृत्व में बिहार भ्रष्टाचार मुक्त, सुरक्षित और समृद्ध राज्य बनने में सफल होगा. भाजपा के क्षेत्रीय संगठन महामंत्री नागेंद्र नाथ त्रिपाठी ने बधाई देते हुए कहा कि संगठन और सरकार के बेहतर समन्वय से बिहार में विकास कार्यों को नई गति मिलेगी. कहा कि यह नई टीम जनता की आकांक्षाओं पर खरा उतरते हुए प्रदेश को प्रगति के पथ पर आगे बढ़ाएगी.
भाजपा झारखंड के संगठन महामंत्री कर्मवीर सिंह ने बधाई देते हुए कहा कि यह नेतृत्व अनुभव और ऊर्जा का समन्वय है, जो बिहार को विकास के नए आयाम तक ले जाएगा. कहा कि नई सरकार गरीब, किसान, युवा और महिलाओं के हित में प्रभावी निर्णय लेकर राज्य को सशक्त बनाएगी. सभी नेताओं ने बिजेन्द्र प्रसाद यादव व विजय कुमार चौधरी को भी उपमुख्यमंत्री के रूप में मिली नई जिम्मेवारी के लिए बधाई दी है. इसके अलावा बधाई देने वालों में प्रदेश उपाध्यक्ष राकेश प्रसाद, नीलकंठ सिंह मुंडा, आभा महतो, बालमुकुंद सहाय, डॉ प्रदीप वर्मा, सुनील सोरेन, मुनेश्वर साहू, गीता कोड़ा, प्रदेश महामंत्री गणेश मिश्रा, अमर कुमार बाउरी, मनोज सिंह सहित कई अन्य नेता शामिल हैं.
ये भी पढ़ें- मेडिकल छात्रा दुष्कर्म कांड: पीड़िता को धमकी, BJP ने उठाई सुरक्षा और फास्ट ट्रैक सुनवाई की मांग