न्यूज़11 भारत
धनबाद/डेस्क: अवैध कोयला खनन, कोयला तस्करी और जबरन वसूली से जुड़े मनी लॉन्ड्रिंग मामले में प्रवर्तन निदेशालय (ED) ने धनबाद में बड़ी कार्रवाई करते हुए 31 परिसरों पर एक साथ छापेमारी की. कार्रवाई के दौरान ED ने 160 करोड़ रूपए के म्यूचुअल फंड निवेश को फ्रीज कर दिया, जबकि 1.02 करोड़ रूपए नकद भी जब्त किए गए हैं. छापेमारी के दौरान कई कंपनियों से जुड़े वित्तीय दस्तावेज, लेखा-जोखा और डिजिटल उपकरण भी जब्त किए गए हैं. ED इन साक्ष्यों के आधार पर अवैध कोयला कारोबार से जुड़े धन के लेन-देन और मनी लॉन्ड्रिंग के नेटवर्क की गहन जांच कर रही है.
बताया जा रहा है कि यह कार्रवाई अवैध कोयला कारोबार के जरिए अर्जित धन को वैध बनाने के आरोपों से जुड़े मामले में की गई है. जांच एजेंसी अब जब्त किए गए दस्तावेजों और डिजिटल डिवाइस की फॉरेंसिक जांच कर वित्तीय लेन-देन की कड़ियों को खंगाल रही है. गौरतलब है कि इसी मामले में ED ने नवंबर 2025 में भी कई स्थानों पर छापेमारी की थी. ताजा कार्रवाई को उसी जांच की अगली कड़ी माना जा रहा है. ED की इस कार्रवाई से अवैध कोयला कारोबार से जुड़े नेटवर्क पर शिकंजा और कसने की संभावना जताई जा रही है.
यह भी पढ़ें- अवैध कोयला खनन के खिलाफ कार्रवाई, ED ने धनबाद के 31 जगहों पर चलाया तलाशी अभियान