सीआईएसएफ की बड़ी कार्रवाई

रोहिणी 9 नंबर वन में अवैध खनन के खिलाफ सीआईएसएफ की बड़ी कार्रवाई, 160 किलो विद्युत तार बरामद

ग्रामीण विद्युत पोल से अवैध कनेक्शन लेकर जंगल क्षेत्र में चल रही थी खनन गतिविधियां, सीसीएल विद्युत विभाग के साथ संयुक्त अभियान

By : Ark Sahuliyar
रोहिणी 9 नंबर वन में अवैध खनन के खिलाफ सीआईएसएफ की बड़ी कार्रवाई, 160 किलो विद्युत तार बरामद

मुमताज अहमद/न्यूज़11 भारत 
खलारी/डेस्क:
सीसीएल के एनके एवं पिपरवार क्षेत्र में अवैध कोयला खनन और कोयला चोरी के खिलाफ केंद्रीय औद्योगिक सुरक्षा बल (सीआईएसएफ) का अभियान लगातार जारी है. इसी क्रम में 26 सितंबर को रोहिणी 9 नंबर वन क्षेत्र में सीआईएसएफ ने अवैध खनन गतिविधियों के लिए की जा रही बिजली आपूर्ति के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए करीब 160 किलोग्राम विद्युत तार बरामद किया.

कमांडेंट अमित कुमार के निर्देशन में शनिवार को 11 बजे से 13 बजे तक सीआईएसएफ और सीसीएल इलेक्ट्रिकल विभाग, रोहिणी की संयुक्त टीम ने 9 नंबर वन क्षेत्र में अभियान चलाया. कार्रवाई के दौरान अवैध खनन स्थल तक पहुंचाई जा रही विद्युत आपूर्ति को विच्छेदित किया गया और मौके से करीब 160 किलो विद्युत तार बरामद किया गया.

प्राप्त सूचना के अनुसार, अवैध कोयला खनन में संलिप्त तत्वों द्वारा आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों में लगे विद्युत पोल से कथित रूप से अवैध कनेक्शन लिया गया था. इस कनेक्शन के जरिए जंगल क्षेत्र में संचालित अवैध खनन गतिविधियों में बिजली का इस्तेमाल किए जाने की सूचना थी. क्षेत्र में पूर्व से भी अवैध खनन गतिविधियों की शिकायतें सामने आती रही हैं. इसके बाद सीआईएसएफ और सीसीएल विद्युत विभाग ने संयुक्त रूप से कार्रवाई करते हुए अवैध कनेक्शन को काट दिया.

अभियान का नेतृत्व सहायक कमांडेंट मनोहर बरवाहा ने किया. कार्रवाई में निरीक्षक पंकज झा, सीसीएल ईएंडएम के चंदन कुमार, सीआईएसएफ के बल सदस्य तथा सीसीएल विद्युत विभाग के चार कर्मचारी शामिल रहे. बरामद करीब 160 किलोग्राम विद्युत तार एवं संबंधित सामग्री को नियमानुसार रसीद के साथ सीसीएल प्रबंधन को सुपुर्द करने की प्रक्रिया जारी है.

सीआईएसएफ के कमांडेंट अमित कुमार के निर्देशन में एनके एवं पिपरवार क्षेत्र के संवेदनशील इलाकों में अवैध कोयला खनन, कोयला चोरी और उससे जुड़ी गतिविधियों पर लगातार निगरानी रखी जा रही है. सीसीएल प्रबंधन एवं संबंधित विभागों के साथ समन्वय कर ऐसे क्षेत्रों में नियमित अभियान चलाए जा रहे हैं.