न्यूज11 भारत
लोहरदगा/डेस्क: पलामू के डाल्टेनगंज स्थित जिला विद्यालय में आयोजित दो दिवसीय झारखंड राज्यस्तरीय कराटे प्रतियोगिता में लोहरदगा के खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए 5 स्वर्ण सहित कुल 28 पदक जीतकर जिले को उपविजेता बनाया. प्रतियोगिता में अंजली कुमारी, अनिषा उरांव और सुहाना परवीन ने एक-एक स्वर्ण व एक-एक रजत पदक जीता. पंचम उरांव ने एक स्वर्ण व एक कांस्य तथा कीर्ति टोप्पो ने एक स्वर्ण पदक अपने नाम किया. सुनील कुमार, विष्णु कुमार और पूजा कुमारी ने दो-दो रजत पदक हासिल किए. वहीं सानवी, शिवानी, आरती और सिमरन ने एक-एक रजत व एक-एक कांस्य पदक जीता. श्रीष्टि कुमारी और रोशनी कुमारी ने दो-दो कांस्य, जबकि श्वेता और पिंकी कुमारी ने एक-एक कांस्य पदक प्राप्त किया. समापन समारोह में पलामू एसडीओ सह जिला कराटे संघ अध्यक्ष जितेंद्र झा ने लोहरदगा टीम को उपविजेता ट्रॉफी प्रदान की तथा कोच अमित कुमार सिंह और प्रशिक्षिका आकृति लोहरा को स्मृति चिन्ह देकर सम्मानित किया. कोच अमित कुमार सिंह ने बताया कि पदक विजेता खिलाड़ियों का चयन राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं के लिए किया जाएगा. इस उपलब्धि पर जिलेवासियों एवं खेल प्रेमियों ने पूरी टीम को बधाई दी है.