न्यूज11 भारत
पलामू/डेस्क: जनता दल यूनाइटेड (जदयू) पलामू के जिलाध्यक्ष मनोज कुमार दुबे ने बुधवार को पड़वा प्रखंड के सिक्का गांव पहुंचकर हालिया दुखद घटना में मृतकों के परिजनों से मुलाकात की तथा गहरी संवेदना व्यक्त की. उन्होंने पीड़ित परिवारों को ढांढस बंधाते हुए कहा कि इस अपूरणीय क्षति की भरपाई संभव नहीं है, लेकिन इस कठिन समय में जनता दल यूनाइटेड पूरी मजबूती के साथ पीड़ित परिवारों के साथ खड़ी है.
मनोज दुबे ने बताया कि इस हृदयविदारक घटना में पांच लोगों की मृत्यु हो चुकी है, जबकि एक व्यक्ति अभी भी अस्पताल में जीवन और मृत्यु के बीच संघर्ष कर रहा है. उन्होंने ईश्वर से दिवंगत आत्माओं की शांति तथा घायल व्यक्ति के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की. उन्होंने कहा कि वे अपने स्तर से राज्य सरकार एवं जिला प्रशासन के समक्ष पीड़ित परिवारों को समुचित मुआवजा, सरकारी सहायता तथा अन्य आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराने की मांग करेंगे. साथ ही जिला प्रशासन से आग्रह किया कि प्रभावित परिवारों, विशेषकर बच्चों और आश्रित सदस्यों के भविष्य को ध्यान में रखते हुए हरसंभव राहत एवं सहायता तत्काल उपलब्ध कराई जाए.
इस अवसर पर जदयू ओबीसी प्रकोष्ठ के जिलाध्यक्ष देवेंद्र प्रसाद, जिला उपाध्यक्ष राजपति प्रजापति, पाटन प्रखंड अध्यक्ष प्रदीप कुमार सिंह उर्फ निराला सिंह, पड़वा प्रखंड अध्यक्ष सचिन कुमार मेहता, मुकेश कुमार सिंह, अनिल साहू, प्रमोद साह सहित पार्टी के अनेक पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित थे.
यह भी पढ़ें: धनबाद रिंग रोड घोटाले में झारखंड हाई कोर्ट ने 18 आरोपियों की फिलहाल जमानत देने से किया इनकार