न्यूज़11 भारत
चाईबासा/डेस्क: सारंडा जंगल में आईईडी विस्फोट की चपेट में आकर गंभीर रूप से घायल हुए दंतैल हाथी की इलाज के दौरान मौत हो गई. पिछले दस दिनों से वन विभाग और पशु चिकित्सकों की टीम द्वारा उसका लगातार उपचार किया जा रहा था, लेकिन हर संभव प्रयासों के बावजूद उसकी जान नहीं बचाई जा सकी.
खबरों के अनुसार, सारंडा के सासंगदा-लेबरागढ़ा नाला के समीप वन विभाग की निगरानी में घायल हाथी का इलाज चल रहा था. उपचार के दौरान वन विभाग द्वारा उसे प्रतिदिन एक से डेढ़ क्विंटल सब्जियां खिलाई जा रही थी जबकि मनोहरपुर के पशु चिकित्सकों की देखरेख में नियमित रूप से दवाइयां और आवश्यक इंजेक्शन दिए जा रहे थे. बताया जा रहा है कि हाथी की स्थिति लगातार गंभीर बनी हुई थी. जिस क्षेत्र में वह मौजूद था, वह अत्यंत संवेदनशील इलाका माना जाता है, जिसके कारण सुरक्षा कारणों से उसे किसी अन्य सुरक्षित स्थान पर स्थानांतरित करना संभव नहीं हो पाया. मृतक हाथी का पोस्टमार्टम आज किया जाएगा.
यह भी पढ़े: Jharkhand Weather: भीषण गर्मी और बारिश का झारखंड में डबल अटैक, IMD ने जारी किया येलो अलर्ट