विकास कुमार/न्यूज11 भारत
हुसैनाबाद/डेस्क: पलामू जिला के हुसैनाबाद थाना क्षेत्र अंतर्गत दंगवार पिकेट के समीप दंगवार–जपला मुख्य सड़क पर अंचल अधिकारी पंकज कुमार एवं दंगवार पिकेट प्रभारी बीरेंद्र मेहता के नेतृत्व में संयुक्त रूप से वाहन जांच अभियान चलाया गया. अभियान के दौरान कुल 74 वाहनों की जांच की गई, जिसमें अनियमितता पाए जाने पर बालू व ईंट लदे दो ट्रैक्टर और क्रिनकल लदा एक 18 चक्का हाइवा जब्त कर हुसैनाबाद थाना के सुपुर्द किया गया.
अंचल अधिकारी पंकज कुमार ने बताया कि जांच के दौरान एक स्वराज ट्रैक्टर पर बालू लदा मिला, उसकी ट्रॉली का पंजीकरण संख्या स्पष्ट रूप से अंकित नहीं थी, वहीं दूसरे ट्रैक्टर पर ईंट लदी थी, लेकिन उस वाहन पर रजिस्ट्रेशन नंबर ही अंकित नहीं था. इसके अलावा 18 चक्का हाइवा में क्रिनकल लोड था, लेकिन उसके पास उपलब्ध चालान 18 जुलाई को जारी किया गया था, जबकि हुसैनाबाद में 23 जुलाई को पकड़ा गया है, चालान की वैधता दस्तावेजों की जांच करने हेतु संबंधित विभाग को अग्रतर किया गया है.
उन्होंने बताया कि तीनों वाहनों को जब्त कर हुसैनाबाद थाना भेज दिया गया है। दोनों ट्रैक्टरों के मामले में अग्रेतर कार्रवाई के लिए जिला परिवहन पदाधिकारी (डीटीओ) को लिखा गया है, जबकि क्रिनकल लदे हाइवा के मामले में जांच एवं आवश्यक कार्रवाई के लिए खनन विभाग को पत्र भेजा गया है. अंचल अधिकारी ने कहा कि अवैध परिवहन तथा वाहन संबंधी नियमों का उल्लंघन करने वालों के विरुद्ध आगे भी नियमित रूप से जांच अभियान जारी रहेगा.
इसे भी पढ़ें: रांची: स्कूल के बाहर 8वीं कक्षा के छात्र पर चाकू से हमला, आरोपी ने 20 बार बेरहमी से घोंपा चाकू और फिर किया सरेंडर