न्यूज़11 भारत
पलामू/डेस्क: एक तरफ जहां पारा लगातार बढ़ रहा है और भीषण गर्मी ने लोगों का जीना मुहाल हो रहा है. वहीं हुसैनाबाद नगर पंचायत स्थित शहरी प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र में स्वास्थ्य सुविधाओं के दावों की पोल खुलती नजर आ रही है. अस्पताल में आने वाले मरीजों और उनके परिजनों को इस 'भीषण' गर्मी में एक-एक बूंद पानी के लिए भटकना पड़ रहा है. मिली जानकारी के अनुसार अस्पताल परिसर में शुद्ध पेयजल के लिए लगाई गई आरओ मशीन पिछले कई महीनों से खराब पड़ी है. विभाग और अस्पताल प्रशासन की अनदेखी के कारण इसे अब तक ठीक नहीं कराया जा सका है. स्थिति यह है कि इलाज कराने आए मरीज को दुकानों और बाहर के स्रोतों पर निर्भर रहना पड़ता है. हालांकि टंकी की पानी उपलब्ध है.
लोगों का कहना है कि अस्पताल में पिने योग्य पानी की व्यवस्था न होने के कारण गरीब मरीजों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है. प्यास बुझाने के लिए मरीजों के परिजनों को अस्पताल परिसर से बाहर जाकर निजी दुकानों से बोतलबंद पानी खरीदना पड़ रहा है, जो उनकी जेब पर अतिरिक्त बोझ डाल रहा है. जिनके पास पैसे नहीं हैं, उन्हें चिलचिलाती धूप में इधर-उधर सार्वजनिक चापाकालों की तलाश में भटकना पड़ता है. इस चिलचिलाती धूप में बाहर जाकर पानी लाना मरीजों के लिए किसी सजा से कम नहीं है. स्वास्थ्य केंद्र में प्रतिदिन दर्जनों की संख्या में लोग प्राथमिक उपचार के लिए पहुंचते हैं, जिनमें महिलाएं और बच्चे भी शामिल होते है. शहर के मुख्य स्वास्थ्य केंद्र की ऐसी स्थिति प्रशासन की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल खड़ा करती है. अब देखना यह है कि संबंधित विभाग कब तक कुंभकर्णी नींद से जागता है और मरीजों को इस भीषण गर्मी में पेयजल की सुविधा उपलब्ध कराता है.
यह भी पढ़े: मनोहरपुर: नाबालिग से दुष्कर्म मामले में दो आरोपियों को गिरफ्तार कर भेजा गया जेल