राहुल कुमार/न्यूज11 भारत
शेरघाटी/डेस्क: बाराचट्टी थाना क्षेत्र के सोभ गांव के समीप शनिवार को NH-2 पर एक तेज रफ्तार अर्टिगा कार ने सड़क किनारे खड़ी टोटो में जोरदार टक्कर मार दी. हादसे में कुल पांच लोग घायल हो गए, जिनमें दो की हालत गंभीर बताई जा रही है.
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, झारखंड की ओर से आ रही अर्टिगा कार दक्षिणी लेन में सड़क किनारे खड़ी टोटो से जा टकराई. टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि टोटो बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई, जबकि कार अनियंत्रित होकर कुछ दूरी पर जाकर रुकी.
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और ग्रामीणों की मदद से सभी घायलों को तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र, बाराचट्टी पहुंचाया गया.
स्वास्थ्य प्रबंधक राकेश कुमार ने बताया कि प्राथमिक उपचार के बाद गंभीर रूप से घायल सविता देवी (32), ग्राम पोखरिया, तथा निशा कुमारी (30), ग्राम चांदो, थाना धनगाई को बेहतर इलाज के लिए मगध मेडिकल कॉलेज सह अस्पताल रेफर किया गया है.
अन्य घायलों में अमरजीत कुमार (20), ग्राम कलाउवा कला; सबिता कुमारी (30), ग्राम महुआरी; तथा संजय साव (45), ग्राम बुनियाद बीघा शामिल हैं. इनका इलाज सीएचसी बाराचट्टी में चल रहा है.
थाना प्रभारी सह इंस्पेक्टर अमरेंद्र किशोर ने बताया कि पुलिस ने कार चालक रमेश कुमार राम, ग्राम चंद्रपुरा, जिला बोकारो (झारखंड) को हिरासत में ले लिया है. मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है.
इधर, स्थानीय ग्रामीणों ने आरोप लगाया है कि सड़क किनारे फल व सब्जी ठेला लगाने वालों के अतिक्रमण के कारण सड़क संकरी हो गई है. इससे आए दिन दिन दुर्घटनाओं की आशंका बनी रहती है. ग्रामीणों ने प्रशासन से अतिक्रमण हटाने की मांग की है ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं पर रोक लगाई जाए.
यह भी पढ़ें: पति की संदिग्ध मौत पर हत्या के आरोप में पत्नी को पुलिस ने पकड़ा, बेटे की मौत पर पिता ने बहू पर दर्ज कराई थी हत्या की FIR