न्यूज़11 भारत
बेड़ो/डेस्क: बेड़ो थाना क्षेत्र के रांची-गुमला फोरलेन (एनएच-23) पर हाठू गांव के समीप आज गुरुवार सुबह 5:30 बजे एक भीषण सड़क हादसा हो गया. एक तेज रफ्तार 12 चक्का हाईवा ट्रक ने सड़क पर खराब खड़ी 16 चक्का ट्रेलर को पीछे से जोरदार टक्कर मार दी. टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि हाईवा का अगला हिस्सा पिचक कर ट्रेलर के पिछले हिस्से में चिपक गया. हादसे में हाईवा चालक और खलासी की मौके पर ही मौत हो गई. हादसा इतना भीषण था कि दोनों का शव केबिन में फंस गया. मृतकों की पहचान चालक कुर्बान अंसारी, ग्राम पुटो, थाना घाघरा, जिला गुमला और खलासी लक्ष्मण उरांव, ग्राम पबरिया, थाना घाघरा, जिला गुमला के रूप में हुई है.
सूचना पर बेड़ो थाना के अवर निरीक्षक अनिल टोप्पो सशस्त्र बल के साथ मौके पर पहुंचे. हाइड्रा, जेसीबी, नईम खान, बुधराम बाड़ा और ग्रामीणों के सहयोग से काफी मशक्कत के बाद शवों को बाहर निकाला गया.
जानकारी के अनुसार ट्रेलर कल सुबह 10 बजे से सड़क पर खराब खड़ी थी, जबकि हाईवा खाली कर सिसई की ओर जा रही थी. बेड़ो पुलिस ने दोनों शवों को जब्त कर थाना ले आई है और आगे की कार्रवाई में जुटी है.
इसे भी पढ़ें: LIVE UPDATES: नेमरा के लिए रवाना हुआ रूपी सोरेन का पार्थिव शरीर, अंतिम दर्शन के लिए उमड़ी भीड़