न्यूज़11 भारत
रांची/डेस्क: गोड्डा से सांसद निशिकांत दुबे ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर रांची स्थित ईडी कार्यालय को लेकर गंभीर चिंता व्यक्त की हैं. सांसद ने दावा किया कि झारखंड सरकार और मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन के निर्देश पर रांची पुलिस द्वारा ED कार्यालय को घेरने की सूचना प्राप्त हुई हैं.
निशिकांत दुबे ने अपने पोस्ट में लिखा कि ED कार्यालय में मुख्यमंत्री और पुलिस-प्रशासन से जुड़े हजारों करोड़ रुपये के भ्रष्टाचार मामलों से संबंधित महत्वपूर्ण साक्ष्य मौजूद हैं. उन्होंने आशंका जताई कि पुलिस कार्रवाई की आड़ में इन साक्ष्यों के साथ छेड़छाड़ की जा सकती है और ईमानदार अधिकारियों को गिरफ्तार किया जा सकता हैं.
उन्होंने यह भी कहा कि झारखंड में पहले भी ED के खिलाफ झूठे मुकदमे दर्ज कराए गए है और झामुमो-कांग्रेस कार्यकर्ताओं द्वारा ED पर हमले की कोशिशें भी हुई हैं. उनका कहना है कि ऐसी घटनाएं जांच एजेंसियों के स्वतंत्र और निष्पक्ष काम में बाधा डालने का प्रयास हैं. निशिकांत दुबे ने सीधे मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन पर भी निशाना साधते हुए लिखा, "हेमंत जी, कान खोलकर सुन लीजिए… झारखंड को बंगाल नहीं बनने देंगे. आपको भ्रष्टाचार की सजा जरूर मिलेगी. झारखंड में मौजूद अवैध प्रशासन को नेस्तनाबूद करने का वक्त हैं." सांसद ने केंद्र सरकार से भी हस्तक्षेप की मांग की और प्रधानमंत्री कार्यालय (PMO) और गृह मंत्रालय (Home Ministry) से अपील की कि रांची स्थित ED कार्यालय पर केंद्रीय बलों की तैनाती कर सुरक्षा सुनिश्चित की जाए.
यह भी पढ़े: ईडी अधिकारियों पर लगे मारपीट के आरोप मामले को लेकर नेता प्रतिपक्ष बाबूलाल मरांडी ने सोशल मीडिया X पर किया पोस्ट