न्यूज़11 भारत
जमशेदपुर/डेस्क: जमशेदपुर से एक ऐसा मामला सामने आया है जिसे सुनकर आपको भी अपने दोस्त पर से विश्वास उठ जाएगा. गोलमुरी थाना क्षेत्र के गाढ़ाबासा में तंत्र विद्या के अंधविश्वास में एक दोस्त ने अपने ही दोस्त की बेरहमी से हत्या कर दी. घटना सोमवार देर रात की है, जब संदीप कुमार ने अपने दोस्त अजय उर्फ झंटू को शराब पिलाने के बाद आधी रात गला रेतकर मौत के घाट उतार दिया.
संदीप तांत्रिक विद्या में विश्वास रखता था
स्थानीय लोगों ने बताया कि संदीप तांत्रिक विद्या में विश्वास रखता था. वह अजय को अपने कमरे में ले गया, जहां पहले उसे शराब पिलाई और फिर धारदार हथियार से उसकी हत्या कर दी.
हाथापाई के दौरान आरोपी संदीप भी घायल हुआ
अजय की चीख सुनकर स्थानीय लोग कमरे की ओर दौड़े, तो उन्होंने अजय को लहूलुहान अवस्था में पड़ा देखा. लोगों ने हत्या के आरोपी संदीप को मौके पर ही पकड़ लिया और इसकी सूचना पुलिस को दी. हाथापाई के दौरान आरोपी संदीप भी घायल हुआ है.
सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और स्थानीय लोगों की मदद से अजय को टाटा मेमोरियल अस्पताल (टीएमएच) पहुंचाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया. पुलिस ने घटनास्थल से हत्या में प्रयुक्त चापड़ को भी बरामद किया है. बताया गया है कि हाल ही में अजय के पिता की मौत हो गई थी और वह गोलमुरी की एक पेंट की दुकान में काम करके अपने परिवार का पालन पोषण कर रहा था. फिलहाल, पुलिस आरोपी संदीप से पूछताछ कर रही है.
यह भी पढ़े: चुनाव घोषणा से पहले पटना मेट्रो शुरू होने की उम्मीद, सीएमआरएस निरीक्षण से संतुष्ट