संतोष कुमार/न्यूज़11 भारत
सरायकेला/डेस्क: गम्हरिया प्रखंड अंतर्गत छोटा गम्हरिया में मिशन वात्सल्य के तहत “वात्सल्य बालिका गृह” का उपायुक्त नीतीश कुमार सिंह ने फीता काटकर उद्घाटन किया. कार्यक्रम के प्रारंभ में बिरसा मुंडा के तैलिय चित्र पर उपायुक्त एवं अन्य विशिष्ट अतिथियों द्वारा पुष्प अर्पित कर श्रद्धांजलि दी गई. तत्पश्चात उपायुक्त एवं मंचासीन अतिथियों द्वारा सामूहिक रूप से दीप प्रज्वलित कर कार्यक्रम का विधिवत शुभारंभ किया गया.
उद्घाटन उपरांत उपायुक्त द्वारा केंद्र भवन का निरीक्षण कर उपलब्ध सुविधाओं का अवलोकन किया गया तथा केंद्र में आवासित बालिकाओं के बीच अंगवस्त्र एवं दैनिक उपयोग की आवश्यक सामग्रियों से युक्त बैग का वितरण किया गया.
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए उपायुक्त ने कहा कि जरूरतमंद एवं संरक्षण की आवश्यकता वाली बालिकाओं को सुरक्षित, संरक्षित एवं संवेदनशील वातावरण उपलब्ध कराना इस केंद्र का मुख्य उद्देश्य है. उन्होंने बताया कि पूर्व में जिले में बालिका गृह उपलब्ध नहीं होने के कारण बच्चों को अन्य जिलों में स्थानांतरित करना पड़ता था, जिससे समन्वय एवं सुविधाओं के क्रियान्वयन में कठिनाइयाँ आती थीं. अब जिले में ही इस केंद्र के संचालन से बालिकाओं को सभी आवश्यक सुविधाएं सुगमता से उपलब्ध कराई जा सकेंगी.
उपायुक्त ने संबंधित पदाधिकारियों को निर्देशित किया कि केंद्र को शीघ्र पूर्णतः क्रियाशील करते हुए बालिकाओं के सर्वांगीण विकास हेतु सभी आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित करें, ताकि उन्हें समाज की मुख्यधारा से जोड़ते हुए एक सुरक्षित एवं सम्मानजनक जीवन प्रदान किया जा सके.
इस अवसर पर जिला विधिक सेवा प्राधिकरण (DLSA) के सचिव तौसीफ मिराज ने अपने संबोधन में कहा कि उपायुक्त के सकारात्मक पहल से जिले में “वात्सल्य बालिका गृह” की स्थापना संभव हो सकी है. इस केंद्र के माध्यम से अब बालिकाओं को सुरक्षित आवास, पोषण, शिक्षा, स्वास्थ्य सेवाएं, परामर्श सुविधा एवं कानूनी सहायता एक ही स्थान पर उपलब्ध हो सकेगी. पूर्व में बालिका गृह के अभाव में बच्चों को अन्य जिलों में भेजना पड़ता था, जिससे उन्हें सुविधाओं एवं कानूनी प्रक्रियाओं में कठिनाइयों का सामना करना पड़ता था. अब जिले में ही यह सुविधा उपलब्ध होने से बालिकाओं को बेहतर संरक्षण एवं समुचित देखभाल सुनिश्चित की जा सकेगी तथा उन्हें समाज की मुख्यधारा से जोड़ने में सहूलियत मिलेगी.
कार्यक्रम के दौरान सहायक निदेशक सामाजिक सुरक्षा श्रीमती निवेदिता राय द्वारा केंद्र संचालन, उद्देश्य एवं बालिकाओं को उपलब्ध कराई जाने वाली सुविधाओं के संबंध में विस्तृत जानकारी दी गई.
कार्यक्रम में उपरोक्त के अलावा जिला योजना पदाधिकारी सोनी कुमारी, कोल्हान प्रमंडल के सभी DCPO, सभी बाल कल्याण पुलिस पदाधिकारी, जनसहयोगी विकास केंद्र एवं बाल कल्याण समिति के प्रतिनिधि तथा चाइल्डलाइन के प्रतिनिधि सहित अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे.
यह भी पढ़ें: जेपीएससी सिविल सेवा परीक्षा 2025 का रास्ता साफ, उम्र सीमा को लेकर हाई कोर्ट मे दायर याचिका खारिज