न्यूज11 भारत
रांची/डेस्क: धनबाद में एक बार फिर गोलीबारी की घटना सामने आई है. मेयर संजीव सिंह के समर्थक और जनता मजदूर संघ के प्रतिनिधि शुभम यादव को सोनारडीह ओपी क्षेत्र के पास स्थित उनके घर में घुसकर अपराधियों ने गोली मार दी. शुभम को तीन गोलियां लगीं.
घटना को अंजाम देने के बाद हमलावर मौके से फरार हो गए. गोली की आवाज सुनकर आसपास के लोग घटनास्थल पर पहुंचे और घायल शुभम को तुरंत नजदीकी अस्पताल ले जाया गया. हालत गंभीर होने पर उन्हें अशर्फी अस्पताल रेफर किया गया.
घटना की सूचना मिलते ही मेयर संजीव सिंह अस्पताल पहुंचे और घायल का हालचाल जाना. बताया जा रहा है कि घटना के समय शुभम अपने दादा-दादी के साथ घर पर मौजूद थे. इस घटना के बाद मेयर समर्थकों में काफी आक्रोश है. वहीं, अशर्फी अस्पताल, सोनारडीह ओपी और धनबाद थाना की पुलिस मौके पर पहुंचकर मामले की जांच में जुट गई है.
ये भी पढ़ें- एयरपोर्ट थाना क्षेत्र में हथियार के साथ युवक गिरफ्तार, आपराधिक घटना को अंजाम देने के फिराक में था आरोपी