रोहन निषाद/न्यूज़11 भारत
चाईबासा/डेस्क: पश्चिमी सिंहभूम जिला मुख्यालय चाईबासा और इसके आसपास के इलाकों में आज बुधवार की सुबह अचानक भूकंप के झटके महसूस किए गए. सुबह लगभग 10:38 बजे एक तेज और भयानक गड़गड़ाहट के साथ जमीन में कंपन शुरू हुआ, जिससे पूरे इलाके में कुछ समय के लिए हड़कंप मच गया.
स्थानीय निवासियों का कहना है कि कंपन से ठीक पहले गड़गड़ाहट जैसी भारी आवाज सुनाई पड़ी. इसके तुरंत बाद घरों, दुकानों और बहुमंजिला इमारतों में तेज हलचल महसूस की गई. पंखे और खिड़कियां हिलने से लोग अनहोनी की आशंका में डर गए और जान बचाने के लिए अफरा-तफरी में घरों व दफ्तरों से बाहर खुले मैदान में निकल आए.
प्राथमिक जानकारी के मुताबिक, इस घटना में किसी भी प्रकार के जान-माल की क्षति की खबर नहीं है. हालांकि, झटकों की वजह से लोगों में काफी देर तक दहशत का माहौल बना रहा.
प्रशासनिक पुष्टि का इंतजार
भूकंप की तीव्रता (रिएक्टर स्केल पर), इसका केंद्र बिंदु और गहराई कितनी थी, इसको लेकर मौसम विभाग या राष्ट्रीय भूकंप विज्ञान केंद्र की ओर से अभी तक आधिकारिक रिपोर्ट जारी नहीं की गई है. स्थानीय प्रशासन और संबंधित विभाग स्थिति का आकलन करने तथा विस्तृत जानकारी जुटाने में लगे हैं.
आसपास के इलाकों में सतर्कता
चाईबासा के अतिरिक्त जिले के अन्य हिस्सों में भी झटके महसूस हुए हैं या नहीं, इसकी जांच की जा रही है. जिला प्रशासन ने आम नागरिकों से धैर्य बनाए रखने, सतर्क रहने और किसी भी तरह की भ्रामक खबरों या अफवाहों पर ध्यान न देने की अपील की है.
इसे भी पढ़ें: हजारीबाग: जमीन घोटाला मामले में ACB की बड़ी कार्रवाई! 3 आरोपी गिरफ्तार