मुमताज अहमद/न्यूज़11 भारत
खलारी/डेस्क: बुकबुका पंचायत के नया धौड़ा बस्ती में वर्षों से चली आ रही पेयजल समस्या के समाधान की दिशा में महत्वपूर्ण पहल शुरू हो गई है. बहु ग्रामीण जलापूर्ति योजना के तहत फिल्टर प्लांट से नया धौड़ा तक पाइप लाइन बिछाने का कार्य शुक्रवार से प्रारंभ कर दिया गया है. उम्मीद है कि अगले एक-दो दिनों में क्षेत्र के ग्रामीणों को नियमित रूप से शुद्ध पेयजल मिलने लगेगा. इस कार्य के शुरू होने से ग्रामीणों में खुशी का माहौल है. कार्य को लेकर बुकबुका पंचायत के मुखिया पारसनाथ उरांव ने बताया कि बहु ग्रामीण जलापूर्ति योजना लागू होने के बावजूद नया धौड़ा बस्ती के लोग इसके लाभ से वंचित थे और लंबे समय से पेयजल संकट झेल रहे थे.
समस्या के समाधान के लिए लगातार विभागीय अधिकारियों से संपर्क किया गया तथा कई बार आवेदन देकर ग्रामीणों की मांग को प्रमुखता से उठाया गया. लगातार प्रयासों के बाद अब योजना को धरातल पर उतारा जा रहा है और पाइपलाइन बिछाने का कार्य तेजी से चल रहा है, जिससे जल्द ही हर घर तक शुद्ध पेयजल पहुंच सकेगा. उन्होने कहा कि इस कार्य में पीएचईडी विभाग के जूनियर इंजीनियर दीपंकर एवं चूरी दक्षिणी पंचायत मुखिया मल्का मुंडा का सरहानीय सहयोग रहा है. साथ ही पंचायत मुखिया ने इस कार्य में सहयोग करने वाले सभी लोगों के प्रति आभार व्यक्त करते हुए नया धौड़ा बस्ती के ग्रामीणों को बधाई दी और कहा कि यह उपलब्धि सामूहिक प्रयास एवं जनसेवा के प्रति प्रतिबद्धता का परिणाम है. वहीं ग्रामीणों ने भी इस पहल का स्वागत करते हुए कहा कि वर्षों से पानी की समस्या उनके लिए सबसे बड़ी परेशानी थी. शुद्ध पेयजल उपलब्ध होने से उनकी दैनिक कठिनाइयां दूर होंगी और विशेष रूप से महिलाओं एवं बच्चों को राहत मिलेगी, जिन्हें पानी के लिए दूर-दूर तक जाना पड़ता था.