न्यूज11 भारत
लोहरदगा/डेस्क: झारखण्ड लोक सेवा आयोग, रांची द्वारा दिनांक 19 अप्रैल को होनेवाली झारखण्ड संयुक्त असैनिक सेवा (सीधी भर्ती) प्रारंभिक प्रतियोगिता परीक्षा-2025 के आयोजन की तैयारियों को लेकर आज उपायुक्त संदीप कुमार मीना ने जिला के पदाधिकारियों व प्रतिनियुक्त दंडाधिकारियों के साथ आवश्यक बैठक समाहरणालय सभाकक्ष में की.
बैठक में उपायुक्त ने कहा कि इस परीक्षा को लेकर आयोग बेहद संवेदनशील है और परीक्षा को शतप्रतिशत कदाचारमुक्त संपन्न कराने का सख्त निर्देश प्राप्त है. इसमें किसी भी स्तर से लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी. परीक्षा में किसी भी प्रकार की गड़बड़ी की आशंका को दूर करने के लिए जिले के होटल,लॉज,धर्मशाला जैसे ठहराव वाले महत्वपूर्ण स्थलों की जांच और निरीक्षण कर ली जाए और संदेहास्पद व्यक्तियों से पूछताछ कर उनके संबंध में आवश्यक जानकारी प्राप्त कर ली जाए.साथ ही सभी दंडाधिकारी समय पर अपने कर्त्तव्य स्थलों पर उपस्थित हो जाएं. जब तक परीक्षा संपन्न ना हो जाए अपने ड्यूटी में मुस्तैद व चौकन्ने रहें.
आज की बैठक में उपायुक्त के द्वारा दण्डाधिकारियों व अन्य संबंधित पदाधिकारियों को उनके दायित्वों से अवगत कराया गया. सभी को जेपीएससी द्वारा प्रदत्त मार्गदर्शिका का पालन शतप्रतिशत कराने का निर्देश दिया गया.
परीक्षा केंद्र में प्रवेश के पूर्व होगी आवश्यक जांच
परीक्षा केंद्र में अभ्यर्थियों के प्रवेश के पूर्व आवश्यक जांच आयोग के गाईडलाइन के अनुसार की जाएगी. अभ्यर्थी अपने साथ मोबाईल या किसी प्रकार का इलेक्ट्रॉनिक गैजेट परीक्षा केंद्र के अंदर नहीं ले जा सकेंगे. उन्होंने सभी परीक्षा केंद्रों में शौचालयों की साफ-सफाई, शौचालय में रनिंग वाटर, पेयजल, बिजली के वैकल्पिक व्यवस्था करने का निर्देश दिया. उन्होंने परीक्षा में पारदर्शिता के लिए इससे संबंधित कार्यों का सीसीटीवी से निगरानी और वीडियो ग्राफी करने का निर्देश दिया.
दो पालियों में होगी परीक्षा
जेपीएससी द्वारा झारखण्ड संयुक्त असैनिक सेवा (सीधी भर्ती) प्रारंभिक प्रतियोगिता परीक्षा-2025 दिनांक 19.04.2026 (रविवार) को दो पालियों में होगी. प्रथम पाली 10 बजे पूर्वाहन से 12 बजे मध्याह्न तक संचालित होगी. वहीं द्वितीय पाली 3 बजे अपराह्न से 5 बजे अपराह्न तक संचालित होगी. लोहरदगा जिला में इस परीक्षा के लिए कुल 14 परीक्षा केंद्र निर्धारित किये गए हैं जिनमें अभ्यर्थियों की संख्या 4305 है.
लोग सोशल मीडिया के अफवाह पर ध्यान नहीं दें... बाधा पहुंचाने वालों पर कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी - डीसी संदीप कुमार मीना
उपायुक्त संदीप कुमार मीना ने जिले के परीक्षा केंद्रों के परीक्षार्थियों से अपील की है कि वे सोशल मीडिया में आए अफवाहों पर ध्यान नहीं देंगे.अगर इस तरह के मामले आते हैं तो वे अविलंब इसकी सूचना जिला प्रशासन को दें. अफवाह या परीक्षा में बाधा पहुंचाने वालों को किसी भी हाल में बख्शा नहीं जाएगा उनपर सख्त से सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी. जिला प्रशासन कदाचारमुक्त परीक्षा के लिए सभी पूर्व आवश्यक तैयारी कर ली हैं.सुरक्षा के दृष्टि से सभी महत्वपूर्ण स्थलों पर दंडाधिकारी और पुलिस बल तैनात किए गए हैं.
बैठक में पुलिस अधीक्षक सादिक अनवर, आइटीडीए परियोजना निदेशक सुषमा नीलम सोरेंग, अनुमण्डल पदाधिकारी अमित कुमार, अनुमण्डल पुलिस पदाधिकारी श्रद्धा केरकेट्टा, डीएसपी समीर तिर्की समेत अन्य पदाधिकारी, दण्डाधिकारी, पुलिस पदाधिकारी आदि उपस्थित थे.
परीक्षा केंद्रों व कोषागार का भी किया निरीक्षण
उपायुक्त संदीप कुमार मीना ने जेपीएससी (झारखंड लोक सेवा आयोग) प्रारंभिक परीक्षा को लेकर तैयारियों का जायजा लिया. इस दौरान उन्होंने जिले में बनाए गए परीक्षा केंद्रों; मंजूरमति उच्च विद्यालय लोहरदगा, लिवेंस अकादमी लोहरदगा समेत अन्य परीक्षा केंद्रों का निरीक्षण किया और व्यवस्थाओं का गहन मूल्यांकन किया.
निरीक्षण के दौरान उपायुक्त ने केंद्रों पर सुरक्षा, साफ-सफाई, बैठने की व्यवस्था, पेयजल, शौचालय तथा बिजली जैसी मूलभूत सुविधाओं की स्थिति की जांच की. उन्होंने यह सुनिश्चित करने के निर्देश दिए कि परीक्षा के दौरान अभ्यर्थियों को किसी प्रकार की असुविधा न हो. इसके साथ ही उन्होंने केंद्राधीक्षकों और संबंधित अधिकारियों और केंद्राधीक्षकों को परीक्षा को निष्पक्ष, शांतिपूर्ण और कदाचारमुक्त वातावरण में संपन्न कराने के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश भी दिए. सीसीटीवी से निगरानी सतत रूप से की जाय.
जिला कोषागार को परीक्षा निरीक्षण के दौरान उपायुक्त ने संबंधित अधिकारियों व कर्मियों को अपने-अपने दायित्वों का निर्वहन पूरी जिम्मेदारी और तत्परता के साथ करने का निर्देश दिया, ताकि परीक्षा सुचारु रूप से संपन्न हो सके. प्रश्न-पत्र को कोषागार से परीक्षा केंद्र तक ले जाने और वापस लाने के प्रक्रिया की वीडियो रिकॉर्डिंग सुनिश्चित करने का निर्देश दिया.
यह भी पढ़ें: संयुक्त समीक्षा बैठक में रामनवमी सहित अन्य त्योहारों के शांतिपूर्ण संपन्न होने पर जिला प्रशासन का समिति ने जताया आभार