संतोष श्रीवास्तव/न्यूज़ 11भारत
पलामू/डेस्क: गर्मी के मौसम की शुरुआत के साथ ही तेज पछुआ हवा चलने की संभावना को देखते हुए पलामू जिले के उपायुक्त सह जिला दंडाधिकारी दिलीप प्रताप सिंह शेखावत ने जिलेवासियों से विशेष सतर्कता बरतने की अपील की है.उन्होंने कहा कि इस मौसम में खासकर ग्रामीण क्षेत्रों में आगजनी की घटनाओं की आशंका बढ़ जाती है, जिससे घर, खेत, खलिहान एवं जान-माल को भारी नुकसान हो सकता है.उन्होंने कहा कि थोड़ी सी सावधानी बरतकर ऐसी घटनाओं से होने वाले नुकसान को काफी हद तक रोका जा सकता है.इसी उद्देश्य से जिला आपदा प्रबंधन प्राधिकरण, पलामू द्वारा जनहित में कई आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए गए हैं.
उन्होंने बताया कि फूस के घरों में दीवार पर मिट्टी का लेप अवश्य करें और खाना बनाने के बाद चूल्हे की आग पूरी तरह बुझा दें.आग से बचाव के लिए रसोई के पास पानी एवं मिट्टी की व्यवस्था रखने को कहा गया है. इसके अलावा शॉर्ट सर्किट से बचने के लिए समय-समय पर बिजली वायरिंग की मरम्मत कराने, गैस रिसाव की स्थिति में सावधानी बरतने तथा माचिस व ज्वलनशील वस्तुओं को बच्चों की पहुंच से दूर रखने की सलाह दी है.उपायुक्त ने किसानों से अपील की है कि फसल कटाई के बाद खेतों में बचे अवशेषों में आग न लगाएं. वहीं सार्वजनिक स्थानों, ट्रेनों एवं बसों में ज्वलनशील पदार्थ लेकर नहीं चलने की बात कही. तेज हवा के दौरान खाना बनाने से बचने और ढीले-ढाले सिंथेटिक कपड़े पहनकर चूल्हे के पास नहीं जाने की भी सलाह दी है.
उन्होंने यह भी कहा कि आग लगने की स्थिति में घबराने के बजाय सामुदायिक सहयोग से आग बुझाने का प्रयास करें तथा यदि कपड़ों में आग लग जाए तो जमीन पर लेटकर उसे बुझाने का प्रयास करें.धुएं से बचाव के लिए झुककर या रेंगते हुए सुरक्षित स्थान तक पहुंचने की सलाह दी गई है.उन्होंने कहा कि किसी भी आपात स्थिति में तुरंत पुलिस सहायता के लिए 112,अग्निशमन के लिए 101 तथा एम्बुलेंस के लिए 102 पर संपर्क करें.साथ ही कंट्रोल रूम नंबर 06562-231589 पर भी सूचना देने की बात कही है.
यह भी पढ़ें: उत्कृष्ट सम्मान के साथ लौटी जसास टीम, अपर मुख्य सचिव ने टीम के सदस्यों को दी बधाई