चंचल गिरी/न्यूज़11 भारत
जामताड़ा/डेस्क: जामताड़ा थाना क्षेत्र के मिहिजाम रोड स्थित नर्सरी के पीछे मंगलवार को एक बंद एल्बेस्टस मकान से सड़ी-गली अवस्था में शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई. मकान से लगातार आ रही तेज दुर्गंध के बाद स्थानीय लोगों को अनहोनी की आशंका हुई. सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और मकान की तलाशी के दौरान शव बरामद किया.
पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है. शव की हालत अत्यंत खराब थी और शरीर पर कीड़े पड़ चुके थे. प्रारंभिक अनुमान के अनुसार मौत चार-पांच दिन पहले होने की आशंका जताई जा रही है. हालांकि वास्तविक अवधि पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद ही स्पष्ट होगी.
स्थानीय लोगों से पूछताछ में पता चला कि उक्त मकान में कोलकाता का रहने वाला 60 वर्ष से अधिक उम्र का एक वृद्ध अकेले रहता था. लोग उसे ‘बाबा’ के नाम से जानते थे. हालांकि बरामद शव उसी वृद्ध का है या नहीं, इसकी अभी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है. पुलिस शव की पहचान के साथ मृतक के परिजनों का पता लगाने में जुटी है. मौत स्वाभाविक थी या कोई अन्य कारण रहा, इसका खुलासा पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद होगा. मामले की जांच जारी है.