न्यूज11 भारत
पलामू/डेस्क: पलामू जिला कांग्रेस प्रवक्ता गोपाल सिंह ने कहा कि नीट का पेपर लीक हुआ नहीं, कराया गया है. यह लाखों छात्रों के भविष्य के खिलाफ सुनियोजित साजिश है. भाजपा सरकार ने शिक्षा व्यवस्था को माफियाओं और दलालों के हवाले कर दिया है.
उन्होंने कहा कि गरीब और मध्यम वर्ग के मां बाप कर्ज लेकर अपने बच्चों को पढ़ाते हैं. कोई जमीन बेचता है, कोई गहने गिरवी रखता है, कोई अपनी पूरी जिंदगी की कमाई बच्चों की पढ़ाई में लगा देता है. मगर भाजपा सरकार ने उन सपनों को बेरहमी से कुचलने का काम किया है. जिन बच्चों ने रात रात भर जागकर मेहनत की, उनकी मेहनत को सत्ता संरक्षित पेपर माफियाओं और भ्रष्ट तंत्र के दलालों के पैरों तले रौंद दिया गया.
उन्होंने आगे कहा कि यह कोई साधारण अपराध नहीं है. यह देश के विद्यार्थियों के भविष्य की हत्या है और इस हत्या की जिम्मेदार केंद्र सरकार है. लगातार पेपर लीक, परीक्षा रद्द और भ्रष्ट नेटवर्क का बच निकलना साबित करता है कि बिना राजनीतिक संरक्षण के इतना बड़ा खेल संभव नहीं है. यह घटना किसी आतंकवादी घटना से कम नहीं है, क्योंकि इसमें सीधे लाखों विद्यार्थियों के भविष्य पर हमला किया गया है.
गोपाल सिंह ने कहा कि परीक्षा माफियाओं ने जितने बच्चों का भविष्य बर्बाद किया है, उसकी नैतिक जिम्मेदारी सीधे प्रधानमंत्री और शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान पर है. कुछ बच्चों ने आत्महत्या कर ली. यह आत्महत्या नहीं, सरकार की नीतियों और संरक्षण प्राप्त भ्रष्टाचार द्वारा की गई हत्या है.
उन्होंने कहा कि धर्मेंद्र प्रधान को तुरंत इस्तीफा देना चाहिए. जिस सरकार से एक प्रश्नपत्र सुरक्षित नहीं रखा जा रहा, वह देश का भविष्य क्या सुरक्षित करेगी. भाजपा ने शिक्षा को भी भ्रष्टाचार का कारोबार बना दिया है. गोपाल सिंह ने मांग की कि इस पूरे मामले की सुप्रीम कोर्ट की निगरानी में जांच हो और इसमें शामिल माफियाओं, अधिकारियों तथा राजनीतिक संरक्षण देने वाले लोगों को गिरफ्तार कर कठोरतम सजा दी जाए. देश का युवा अब चुप नहीं बैठेगा.
यह भी पढ़ें: सिमडेगा पुलिस की बड़ी कार्रवाई, अवैध बालु लदी दो ट्रैक्टर को किया जब्त