प्रमोद कुमार/न्यूज़11 भारत
बरवाडीह/डेस्क: बरवाडीह प्रखंड मुख्यालय स्थित सामुदायिक भवन में भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस प्रखंड कमेटी के तत्वावधान में एक दिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम का आयोजन किया गया. कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में जिला अध्यक्ष कमेश्वर यादव तथा यूथ कांग्रेस के प्रदेश समन्वयक विजय बहादुर सिंह उपस्थित रहे. इसके साथ ही प्रशिक्षण प्रमुख रविंद्र राम और विश्वनाथ पासवान भी शामिल हुए. कार्यक्रम की अध्यक्षता प्रखंड अध्यक्ष अधिवक्ता प्रसाद ने की.
प्रशिक्षण कार्यक्रम के दौरान सभी पंचायतों के बीएलए (बूथ लेवल एजेंट) को विशेष रूप से प्रशिक्षित किया गया. उन्हें बताया गया कि एसआईआर के कारण जिन मतदाताओं का नाम मतदाता सूची से हट गया है, उन्हें निर्वाचन आयोग द्वारा निर्धारित दस्तावेजों के साथ पुनः जोड़ने में मदद करें.कार्यकर्ताओं को फॉर्म-6 एवं अन्य आवश्यक प्रपत्र भरवाकर छूटे हुए मतदाताओं का नाम पुनः मतदाता सूची में शामिल कराने की जिम्मेदारी दी गई.
जिला अध्यक्ष ने अपने संबोधन में कहा कि कांग्रेस पार्टी की नीति और सिद्धांतों को बूथ स्तर तक पहुंचाना हम सभी की जिम्मेदारी है. उन्होंने कार्यकर्ताओं से आह्वान किया कि वे हर पंचायत और हर बूथ पर जाकर लोगों से संपर्क करें तथा उन्हें पार्टी की विचारधारा और राज्य में चल रही महागठबंधन सरकार की उपलब्धियों से अवगत कराएं. प्रशिक्षक रविंद्र राम ने कहा कि संगठन में बीएलए की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण होती है. विधानसभा, लोकसभा और पंचायत चुनावों में जीत-हार काफी हद तक उनके कार्य पर निर्भर करती है.
इसलिए संगठन को मजबूत बनाने के लिए बीएलए को सशक्त करना जरूरी है.कार्यक्रम के दौरान कई वक्ताओं ने अपने विचार व्यक्त किए और कांग्रेस पार्टी को जमीनी स्तर पर मजबूत करने का संकल्प लिया. कार्यक्रम का संचालन कांग्रेस अल्पसंख्यक मोर्चा के जिला अध्यक्ष नसीम अंसारी ने किया.इस अवसर पर विधायक प्रतिनिधि प्रेम सिंह पिंटू, पूर्व प्रखंड अध्यक्ष रंजीत राजू, जिला महासचिव राम नरेश यादव, गोपाल राजवंशी, अनिल सिंह, शिवानंद तिवारी, प्रेम कुमार, पूर्व प्रमुख पंकज कुमार गुप्ता, नीलम देवी, फिरोज अहमद, मुन्ना सहित अनेक कार्यकर्ता एवं पदाधिकारी उपस्थित रहे.