मुमताज अहमद/न्यूज11 भारत
खलारी/डेस्क: :सीसीएल पिपरवार क्षेत्र मे कोयला खदानो की सुरक्षा मे तैनात केंद्रीय औद्योगिक सुरक्षा बल (सीआईएसएफ) ने अवैध कोयला कारोबार के खिलाफ अपनी जीरो टॉलरेंस नीति के तहत एक प्रभावी छापेमारी अभियान चलाया.यह कार्रवाई पिपरवार क्षेत्र के अशोका परियोजना अंतर्गत बेती गांव के पास की गई,जहां लंबे समय से अवैध कोयला गतिविधियों की शिकायतें मिल रही थीं.सीआईएसएफ की सी कंपनी द्वारा चलाया गया यह विशेष अभियान शाम 5:00 बजे से 6:30 बजे तक चला.
इस दौरान सुरक्षा बलों ने क्षेत्र में गहन तलाशी अभियान चलाया और अवैध रूप से जमा किए गए कोयले को जब्त किया.जब्त कोयले को वे-ब्रिज-8 पर ले जाकर तौला गया, जहां इसका कुल शुद्ध वजन 2.660 टन दर्ज किया गया.वाहन का वजन 13,660 किलोग्राम पाया गया.तौल के बाद कोयले को सुरक्षित तरीके से निर्धारित कोल डंप में अनलोड कराया गया.इस सफल अभियान का संचालन सीआईएसएफ कमांडेंट अमित कुमार के दिशा-निर्देश में किया गया.
वहीं मौके पर पूरी कार्रवाई का नेतृत्व इंस्पेक्टर (कार्यकारी) संतोष बिन्हा ने किया.उनकी सक्रिय निगरानी और रणनीतिक नेतृत्व के चलते अभियान सफलतापूर्वक संपन्न हुआ.अभियान की सफलता पर सीआईएसएफ कमांडेंट अमित कुमार ने स्पष्ट कहा कि क्षेत्र में कोयले की चोरी और अवैध कारोबार को किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा.ऐसे सघन अभियान आगे भी लगातार जारी रहेंगे.सीआईएसएफ के इस एक्शन से साफ संकेत मिल गया है कि अशोका परियोजना क्षेत्र में अवैध गतिविधियों पर अब कड़ी निगरानी रखी जाएगी और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी.
यह भी पढ़ें: हजारीबाग सांसद मनीष जायसवाल के सौजन्य से पिपरवार क्षेत्र में 30 बहनों के बीच किया गया श्रीराम लहंगा का वितरण