प्रमोद कुमार/न्यूज़11 भारत
बरवाडीह/डेस्क: राज्य सरकार की छात्र कल्याण योजना के तहत गुरुवार को बरवाडीह स्थित कन्या मध्य विद्यालय में कक्षा आठ के 78 छात्र-छात्राओं के बीच साइकिल का वितरण किया गया. कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों को विद्यालय आने-जाने में सुविधा उपलब्ध कराना तथा शिक्षा के प्रति उन्हें प्रोत्साहित करना है. साइकिल वितरण कार्यक्रम प्रखंड विकास पदाधिकारी रेशमा रेखा मिंज, प्रखंड प्रमुख सुशीला देवी, सांसद प्रतिनिधि ईश्वरी सिंह एवं विधायक प्रतिनिधि प्रेम सिंह उर्फ पिंटू की उपस्थिति में संपन्न हुआ. अतिथियों ने विद्यार्थियों से नियमित विद्यालय आने, मन लगाकर पढ़ाई करने और उज्ज्वल भविष्य के लिए निरंतर प्रयासरत रहने की अपील की. इस अवसर पर विद्यालय के प्रधानाध्यापक प्रमोद कुमार, शिक्षिका सुनीता खलखो सहित अन्य शिक्षक-शिक्षिकाएं एवं सभी लाभुक छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे. कार्यक्रम उत्साहपूर्ण माहौल में संपन्न हुआ.