न्यूज 11 भारत
बहरागोड़ा/डेस्क: बहरागोड़ा थाना परिसर में थाना क्षेत्र के सभी पेट्रोल पंप संचालकों के साथ पुलिस अधिकारियों ने बैठक कर सुरक्षा व्यवस्था को लेकर महत्वपूर्ण दिशा-निर्देश दिए हैं. बैठक में इंस्पेक्टर अनिल कुमार एवं थाना प्रभारी रबी होनहागा ने पेट्रोल पंपों पर सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत रखने तथा किसी भी प्रकार की अप्रिय घटना से बचाव के लिए आवश्यक सावधानी बरतने की बात कह.
बैठक के दौरान पुलिस अधिकारियों ने कहा कि पेट्रोल पंप के लॉकर रूम को हमेशा सुरक्षित तरीके से लॉक रखा जाए. पेट्रोल पंप परिसर में लगे सभी सीसीटीवी कैमरे हर समय चालू स्थिति में रहें, ताकि किसी भी संदिग्ध गतिविधि की निगरानी की जा सके. साथ ही सीसीटीवी कैमरों की नियमित जांच करने और यह सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया कि कैमरे खराब न रहें.
पुलिस ने पेट्रोल पंप पर तेल देने वाले कर्मचारियों के पास अधिक मात्रा में नकद राशि नहीं रखने की हिदायत दी. कर्मचारियों के पास अधिकतम ₹1,500 तक नकद रखने तथा इससे अधिक राशि को समय-समय पर सुरक्षित लॉकर में जमा करने का निर्देश दिया गया. पुलिस ने कहा कि नकद राशि की सुरक्षा को लेकर विशेष सतर्कता बरती जाए.
इसके अलावा पेट्रोल पंप संचालकों और कर्मचारियों को किसी भी व्यक्ति की संदिग्ध गतिविधि, संदिग्ध वाहन या किसी अन्य असामान्य स्थिति की जानकारी मिलते ही तत्काल पुलिस को सूचना देने को कहा गया. पुलिस अधिकारियों ने कहा कि समय पर सूचना मिलने से किसी भी संभावित घटना को रोकने में मदद मिल सकती है. बैठक में पेट्रोल पंप संचालकों से सुरक्षा संबंधी नियमों का पालन करने और पुलिस के साथ समन्वय बनाए रखने की अपील की गई.
यह भी पढ़ें: रांची में नाबालिग बच्ची के साथ दुष्कर्म, आरोपी युवक फरार