न्यूज़11 भारत
पटना/डेस्क: दानापुर थाना क्षेत्र के मिथिला कॉलोनी मोड़ के पास कल मंगलवार की रात एक सनसनीखेज घटना सामने आई है. बिहार पुलिस के सिपाही ने पहली अपनी बहन को गोली मारी और फिर खुद को भी गोली मार ली. गोली लगने से भाई-बहन दोनों की मौके पर ही मौत हो गई. घटना के बाद इलाके में हड़कंप मच गया. घटना की सूचना मिलते ही मौके पर बड़ी संख्या में लोगों की भीड़ जुट गयी.
मृतकों की पहचान मुजफ्फरपुर के औराही निवासी उदय चंद्र के 30 वर्षीय ओमचंद उर्फ सोनू और उनकी 21 वर्षीय शादीशुदा बहन गायत्री कुमारी के रूप में हुई है. ओमचंद बिहार पुलिस में सिपाही थे और वर्तमान में मोतिहारी जिला बल में पदस्थापित थे. उनका परिवार करीब एक साल से दानापुर में किराए के मकान में रह रहे थे. मिली जानकारी के अनुसार ओमचंद की 2024 में अनुकंपा के आधार पर बिहार पुलिस में नौकरी लगी थी.
कल मंगलवार शाम करीब 8 बजे दानापुर पुलिस को मिथिला कॉलोनी मोड़ के पास दो लोगों को गोली लगने की सूचना मिली. सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची. प्रारंभिक जांच में पुलिस को पता चला कि ओमचंद ने अपनी सर्विस पिस्टल से पहले बहन गायत्री को गोली मारी और इसके बाद खुद को भी गोली मार ली.
सिटी एसपी वेस्ट संकेत कुमार ने बताया कि प्रथमदृष्टया घटना के पीछे पारिवारिक विवाद और घरेलू परिस्थितियां सामने आ रही हैं. साथ ही पुलिस को गायत्री के मानसिक रूप से परेशान होने और उसका मुजफ्फरपुर में इलाज चलने की जानकारी मिली है. हालांकि घटना की वास्तविक वजह क्या थी, यह विस्तृत जांच के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा.
पुलिस ने घटनास्थल से एक पिस्तौल, दो खोखे, दो मैगजीन, 33 जिंदा कारतूस और दो फायर बुलेट बरामद किए हैं. मामले की गंभीरता को देखते हुए विशेष जांच टीम को भी घटनास्थल पर बुलाया गया. पुलिस दोनों के बीच घटना से पहले हुई बातचीत और विवाद के कारणों की भी जांच कर रही है. दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए दानापुर अनुमंडल अस्पताल भेज दिया गया है. पुलिस मामले के सभी पहलुओं की जांच में जुटी है.
इसे भी पढ़ें: खुद को IPS अधिकारी बताकर बिहार में करता था छापेमारी, मेदिनीनगर का रहने वाले पिंटू कुमार सहयोगी के साथ गिरफ्तार