संतोष श्रीवास्तव/न्यूज़ 11भारत
पलामू/डेस्क: पलामू जिला विधिक सेवा प्राधिकार, पलामू के तत्वावधान में चैनपुर प्रखंड के बसरिया पंचायत अंतर्गत अलगडीहा गांव में बाल श्रम के खिलाफ जागरूकता अभियान चलाया गया.
क्षेत्र के एक ईंट-भट्ठे से बाल श्रमिक बच्चों को मुक्त कराए जाने के बाद उनके माता-पिता और ग्रामीणों के बीच यह कार्यक्रम आयोजित किया गया.
पारा लीगल वोलेंटियर विनय प्रसाद, विकास कुमार तिवारी और प्रमोद रंजन दास गुप्ता ने ग्रामीणों को बाल श्रम से जुड़े कानूनी प्रावधानों की जानकारी दी. उन्होंने कहा कि बच्चों से मजदूरी कराना कानूनन अपराध है और हर बच्चे को शिक्षा, सुरक्षा एवं सम्मान के साथ जीवन जीने का अधिकार है.
ग्रामीणों से बच्चों को मजदूरी में भेजने के बजाय शिक्षा से जोड़ने की अपील की गई. साथ ही बाल श्रम की जानकारी मिलने पर संबंधित विभाग या विधिक सेवा प्राधिकार को सूचना देने की बात कही गई. कार्यक्रम के दौरान ग्रामीणों ने बाल श्रम रोकने और बच्चों को शिक्षा से जोड़ने का संकल्प लिया.