वीरेन्द्र शर्मा/न्यूज11 भारत
बरही/डेस्क: बरही के चौपारण में डॉ. भीमराव अंबेडकर की जयंती के अवसर पर चौपारण प्रखंड में सामाजिक एकता और जागरूकता का अभूतपूर्व दृश्य देखने को मिला. प्रखंड की 26 पंचायतों से उमड़ी हजारों लोगों की भीड़ ने भव्य रोड शो सह शोभायात्रा के माध्यम से बाबा साहेब के विचारों को जन-जन तक पहुंचाने का संकल्प दोहराया.
कार्यक्रम ने केवल एक उत्सव का रूप नहीं लिया, बल्कि यह सामाजिक समरसता, अधिकार और शिक्षा के प्रति जागरूकता का सशक्त मंच बनकर उभरा. “जय भीम” के नारों से गूंजते पूरे क्षेत्र में लोगों ने हाथों में झंडे-बैनर लेकर समानता और न्याय का संदेश दिया. जगह-जगह बनाए गए स्वागत द्वारों ने शोभायात्रा को और भी भव्य बना दिया. इस आयोजन में युवाओं, महिलाओं और बुजुर्गों की सक्रिय भागीदारी ने यह स्पष्ट कर दिया कि बाबा साहेब के विचार आज भी समाज के हर वर्ग को प्रेरित कर रहे हैं. कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में सांसद मनीष जायसवाल एवं विशिष्ट अतिथि के रूप में विधायक मनोज कुमार यादव उपस्थित रहे. अपने संबोधन में उन्होंने डॉ. अंबेडकर के संघर्ष और योगदान को याद करते हुए कहा कि उनके आदर्श आज के समय में और भी प्रासंगिक हैं. अंबेडकर विचारधारा मंच के पदाधिकारियों समेत बड़ी संख्या में लोगों की उपस्थिति ने आयोजन को ऐतिहासिक बना दिया. यह कार्यक्रम चौपारण में सामाजिक एकजुटता और जागरूकता का मजबूत संदेश देकर समाप्त हुआ.
यह भी पढ़ें: दो साल बाद भी नहीं सुलझा सरस्वती देवी हत्याकांड, बच्चों को अब तक नहीं मिला न्याय