मनीष मंडल/न्यूज 11 भारत
बेंगाबाद/डेस्क: गिरिडीह जिले के बेंगाबाद थाना क्षेत्र अंतर्गत साठीबाद गांव में वन भूमि पर अबुवा आवास योजना के तहत मकान बनाने का मामला सामने आया है. ग्रामीण देवानी साव ने अनुमंडल पदाधिकारी, गिरिडीह को आवेदन देकर जांच और कार्रवाई की मांग की है. आरोप है कि खाता संख्या 28, प्लॉट संख्या 643 की जमीन पर रुक्मणि देवी पति चमरू साव द्वारा अबुवा आवास का निर्माण कराया जा रहा है. ग्रामीणों का कहना है कि यह जमीन 'गैरमजरुवा खास किस्म जंगल' की श्रेणी में आती है.
गांव वालों के मुताबिक, उक्त जमीन पर पूरे गांव के मवेशी जैसे गाय-बकरी चरते थे. यह सामुदायिक चारागाह के रूप में इस्तेमाल होती थी. अब चमरू साव द्वारा सरकारी आवास बनाकर जमीन पर अतिक्रमण किया जा रहा है, जिससे पशुओं के चरने की जगह खत्म हो रही है. इस मामले की जानकारी मिलने पर अंचल कार्यालय के कर्मचारी ने भी स्थल का निरीक्षण किया. कर्मचारी ने रिपोर्ट में माना कि उक्त जमीन पर आवास निर्माण का कार्य चल रहा है.
ग्रामीणों ने एसडीओ से मांग की है कि वन भूमि पर हुए इस अतिक्रमण की निष्पक्ष जांच कराई जाए. साथ ही अवैध निर्माण को रुकवाकर जमीन को अतिक्रमण मुक्त कराया जाए, ताकि चारागाह की जमीन गांव के सामूहिक उपयोग के लिए सुरक्षित रह सके. मामला अब प्रशासनिक जांच के दायरे में है. हालांकि इस संबंध में प्रखंड विकास पदाधिकारी सुनील कुमार मुर्मू ने ऑफ कैमरा में बताया कि मामले की जांच पड़ताल की जा रही है सत्य पाए जाने तक अबुवा आवास की राशि को रिकवर भी किया जाएगा.
यह भी पढ़ें: झारखंड के पूर्व मुख्यमंत्री बाबूलाल मरांडी बेंगाबाद पहुंचे, स्व. सच्चिदानंद सिन्हा को दी श्रद्धांजलि