भरत मंडल/न्यूज 11 भारत
गांडेय/डेस्क: गांडेय–अहिल्यापुर मुख्य मार्ग स्थित गांडेय थाना क्षेत्र के तुरुकतप्पा मोड़ के पास शनिवार रात हुई सड़क दुर्घटना में एक युवक की मौत हो गई, जबकि दूसरा गंभीर रूप से घायल हो गया. मृतक की पहचान करीबांक पंचायत के ओझाडीह गांव निवासी 24 वर्षीय जिसू टुडू के रूप में हुई है. वहीं 23 वर्षीय साइमन टुडू घायल है.
जानकारी के अनुसार, दोनों युवक बाइक से अहिल्यापुर की ओर जा रहे थे. इसी दौरान किसी अज्ञात वाहन ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी, जिससे दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए. स्थानीय ग्रामीणों की सूचना पर गांडेय पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों को इलाज के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र गांडेय पहुंचाया.
सीएचसी में प्राथमिक उपचार के बाद गंभीर रूप से घायल जिसू टुडू को बेहतर इलाज के लिए सदर अस्पताल गिरिडीह रेफर किया गया. हालांकि गिरिडीह ले जाने के दौरान रास्ते में ही उसकी मौत हो गई. पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया. रविवार को पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया.
घटना की सूचना मिलते ही मेदनीसारे पंचायत के मुखिया दशरथ किस्कू, करीबांक पंचायत के उपमुखिया टुनटुन रवानी समेत कई जनप्रतिनिधि मृतक के घर पहुंचे और शोकाकुल परिजनों को सांत्वना दी.
बताया जाता है कि मृतक जिसू टुडू आसपास के क्षेत्रों में मजदूरी कर अपने परिवार का भरण-पोषण करता था. घटना के बाद गांव में शोक का माहौल है. पुलिस अज्ञात वाहन की पहचान में जुटी है.
यह भी पढ़ें: डकरा डम्प गोलीकांड, ट्रक आगजनी व लेवी वसूली मामले का खुलासा, दो गिरफ्तार; फर्जी टीएसपीसी पर्चा बरामद