विकास कुमार /न्यूज़ 11 भारत
हुसैनाबाद /डेस्क: पलामू जिले के हुसैनाबाद अनुमंडल अंतर्गत बेल बिगहा पंचायत के नावाडीह गांव में शनिवार दोपहर भीषण आग लगने से किसानों की महीनों की मेहनत पल भर में जलकर राख हो गई. बताया जा रहा है कि दोपहर के समय अचानक खेतों में आग लग गई, जो तेज हवा के कारण तेजी से फैलते हुए विकराल रूप धारण कर गई. देखते ही देखते करीब एक दर्जन बीघा खेत में लगी गेहूं की तैयार फसल आग की चपेट में आकर पूरी तरह जल कर नष्ट हो गई. आग की लपटें और धुएं का गुबार उठते ही गांव में अफरा-तफरी मच गई. हादसे की सूचना तत्काल दंगवार ओपी पुलिस, स्थानीय मुखिया एवं अग्निशमन विभाग को दी गई. हालांकि दमकल की गाड़ियां पहुंचने से पहले ही काफी नुकसान हो चुका था. ग्रामीणों ने हिम्मत दिखाते हुए खुद ही आग बुझाने की कोशिश की. कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया, जिससे आसपास के अन्य खेतों को बचाया जा सका.
आग लगने की वजह शॉर्ट सर्किट बताई जा रही
ग्रामीणों के अनुसार, प्राथमिक तौर पर आग लगने का कारण बिजली का शॉर्ट सर्किट बताया जा रहा है. इस घटना में एक विशाल पीपल का पेड़ भी आग की चपेट में आ गया था, जिसे बाद में अग्निशमन टीम ने बुझाया. इस भीषण आगलगी मे किसानों के लाखो के नुकसान ने किसानों की आर्थिक स्थिति को झकझोर कर रख दिया है. किसानों ने सरकार व प्रशासन से मुआवजा और सहायता की मांग की है.वहीं आग लगी से पीड़ित किसान राम ईश्वर सिंह, कृष्णा सिंह, संतन सिंह, बलराम सिंह, दिनेश सिंह, सरयू सिंह, पोजीशन सिंह, सुरेश सिंह, अशोक सिंह, रामनाथ सिंह, सुदर्शन सिंह, मूरत सिंह, अजय सिंह, उमा सिंह, रामशीष सिंह, प्रमोद सिंह राजाराम सिंह, अरविंद सिंह शामिल है, वहीं घटना की सूचना मिलते ही एसडीओ गौरांग महतो के निर्देश के बाद कर्मचारी ने घटना स्थल पर पहुंचकर घटना का जायजा लिया एवं आवश्यक कार्रवाई में जुट गए.
यह भी पढ़ें: प्रशासन की पहल रंग लाई: कामडारा के अरहरा में 6 माह से चला आ रहा धुमकुड़िया भवन विवाद सुलझा