न्यूज11 भारत
खलारी/डेस्क: डकरा स्थित वीआईपी सभागार में बिहार कोलियरी कामगार यूनियन (सीटू) की एक महत्वपूर्ण बैठक कॉमरेड इरफान खान की अध्यक्षता में आयोजित की गई. बैठक का संचालन तौहीद अंसारी ने किया. बैठक का मुख्य उद्देश्य 12 फरवरी को चार श्रम कोड के विरोध में प्रस्तावित राष्ट्रव्यापी हड़ताल को सफल बनाने के लिए रणनीति तय करना था. बैठक को संबोधित करते हुए कॉमरेड इरफान खान ने कहा—“जब-जब जुल्मी जुल्म करेगा सत्ता के गलियारों से,चप्पा-चप्पा गूंज उठेगा इंक़लाब के नारों से.”
उन्होंने कहा कि चार श्रम कोड मजदूरों को गुलाम बनाने वाला दस्तावेज़ है. इसके लागू होने से छंटनी और ताला बंदी आसान हो जाएगी, वहीं न्यूनतम वेतन, बोनस और ग्रेच्युटी जैसे मजदूरों के अधिकारों पर सीधा हमला होगा.
बैठक में मौजूद रतिया गंझू ने कहा कि ये श्रम कोड पूंजीपतियों और मालिकों के दबाव में लाए गए हैं. उन्होंने आरोप लगाया कि यह कानून पूरी तरह मजदूर विरोधी और मालिक-पक्षीय है. केन्द्र सरकार ने इन कानूनों के जरिए मजदूरों द्वारा वर्षों के संघर्ष से हासिल अधिकारों को खत्म करने का प्रयास किया है.
उन्होंने कहा कि इन श्रम कोडों से औद्योगिक संबंधों पर नकारात्मक प्रभाव पड़ेगा और इससे औद्योगिक अशांति बढ़ेगी.
बैठक में 12 फरवरी की हड़ताल को ऐतिहासिक रूप से सफल बनाने के लिए क्षेत्र में जनसंपर्क, सभाएं और मजदूरों को एकजुट करने पर जोर दिया गया. इस बैठक में मुख्य रूप से एरिया अध्यक्ष रतिया गंझू, क्षेत्रीय सचिव इरफान खान, संतोष मेहता, अमर भोक्ता, सोनू गंझू, फारुख नवाब, हैदर खान, कादिर जी, दीपक कुमार, समसुल हक, इरफान आलम, किरण बारा, राहुल गंझू, श्रीकांत कुमार, रंगलाल गंझू सहित अन्य लोग उपस्थित थे.
यह भी पढ़ें: डीवीसी प्लस टू उच्च विद्यालय में बोकारो थर्मल में समारोह आयोजित कर वर्ग बारहवीं के विद्यार्थियों को दी विदाई