संतोष श्रीवास्तव/न्यूज़ 11भारत
पलामू/डेस्क: पलामू पुलिस ने रविवार को हुसैनाबाद में एक बड़े ऑनलाइन गेमिंग और सट्टा रैकेट का भंडाफोड़ किया है. अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी को गुप्त सूचना मिली थी कि अनिल कुमार विश्वकर्मा के मकान में कुछ दिनों से चार अज्ञात लड़के रह रहे हैं, जो ऑनलाइन ठगी कर रहे हैं, और हाल ही में तीन अन्य संदिग्ध उनसे मिलने आए हैं. इस गंभीर सूचना पर, पुलिस अधीक्षक महोदया, पलामू के निर्देशानुसार, अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी, हुसैनाबाद के नेतृत्व में एसआईटी (SIT) का गठन किया गया.
गिरफ्तारी और मॉडस ऑपरेण्डी
एसआईटी ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मकान की घेराबंदी कर छापेमारी की और तीसरे तल्ले के दो कमरों से कुल सात लड़कों को टैब, मोबाइल और लैपटॉप पर संदिग्ध अवस्था में पकड़ा. पकड़े गए चार मुख्य आरोपियों— राहुल सिंह लोधी (छत्तीसगढ़) और सुजित, अजित, रोहित (सभी बिहार)—ने खुलासा किया कि वे 'महादेव बेटिंग एप्प' की ' Khelooyaar डॉट साइट ' नामक गेमिंग साइट की Franchise 141 चला रहे थे.
अब तक करोड़ों की ठगी
यह Franchise लगभग 6,000 ग्राहकों की आईडी मॉनिटर करती थी और प्रतिदिन 7 से 8 लाख रुपये तक की कमाई करती थी. इस कमाई का 70 प्रतिशत हिस्सा Promoters को और 30 प्रतिशत Franchise को मिलता था. ठगी के लिए वे हर महीने 10 से 15 'म्यूल अकाउंट' का इस्तेमाल करते थे. Franchise मालिक गाँव के लोगों को ₹5,000-6,000 का झांसा देकर, उनके दस्तावेज से फर्जी मोबाइल नंबर लिंक कराकर अकाउंट खुलवाते थे. एक अकाउंट में 50 से 60 लाख रुपये का बड़ा ट्रांजेक्शन होते ही, सारा पैसा निकालकर पासबुक और एटीएम अकाउंट होल्डर को वापस कर दिया जाता था. पकड़े गए अन्य तीन आरोपी— जुबेर अंसारी (बोकारो), अयाज आलम (रामगढ़) और अक्षय कुमार कुण्डू (रांची)—यही म्यूल अकाउंट होल्डर लाने का काम करते थे
पूछताछ में यह भी खुलासा हुआ कि इस पूरे नेटवर्क का संचालन निम्नलिखित व्यक्तियों द्वारा किया जा रहा है.
- शेल्वी उर्फ मनीष – भिलाई, छत्तीसगढ़
- राजन कुमार सिंह – ग्राम आजन, जिला औरंगाबाद, बिहार
- प्रवीण भैया – पता अज्ञात
गिरफ्तार अभियुक्तों के नाम और पता
- राहुल सिंह लोधी, उम्र – 22 वर्ष, पिता – प्रदीप सिंह लोधी, भिलाई, जिला दुर्ग (छत्तीसगढ़)
- सुजित कुमार विश्वकर्मा, उम्र – 23 वर्ष, पिता – रामबरण विश्वकर्मा, मदनपुर, जिला औरंगाबाद (बिहार)
- अजित कुमार उर्फ अजित कुमार विश्वकर्मा, उम्र – 25 वर्ष, पिता – हरिनंदन सिंह, मदनपुर, जिला औरंगाबाद (बिहार)
- रोहित कुमार सिंह उर्फ राजा, उम्र – 28 वर्ष, पिता – उपेन्द्र सिंह, जिला औरंगाबाद (बिहार)
- जुबेर अंसारी, उम्र – 35 वर्ष, पिता – हदीश अंसारी, जिला बोकारो (झारखंड)
- अयाज आलम उर्फ टिंकु, उम्र – 29 वर्ष, पिता – अब्दुल लतीफ अंसारी, जिला रामगढ़ (झारखंड)
- अक्षय कुमार कुंडू, उम्र – 27 वर्ष, पिता – बहादुर कसेरा, जिला रांची (झारखंड)
पुलिस ने छापेमारी के दौरान एक लैपटॉप, एक टैब, पंद्रह मोबाइल फोन, नौ पासबुक, नौ चेकबुक, नौ एटीएम कार्ड, और जियो कंपनी का जियो फाइबर सेट (नेटवर्क के लिए) जब्त किया
हुसैनाबाद थाना में इस संबंध में संबंधित धाराओं के तहत मुकदमा दर्ज कर लिया गया है. इस रैकेट के मास्टरमाइंडों में शेल्दी उर्फ मनीष, राजन कुमार सिंह और प्रवीण भैया शामिल हैंय
पलामू पुलिस की लोंगो से अपील
पलामू पुलिस आम जनता से अपील करती है कि वे किसी भी प्रकार के ऑनलाइन गेमिंग साइट पर अपनी मेहनत की कमाई न गंवाएं और किसी भी व्यक्ति को लालच में आकर अपना पासबुक, एटीएम या चेकबुक न दें, क्योंकि ऐसा करने पर आप भी कानूनी कार्रवाई के दायरे में आ सकते हैं
यह भी पढ़ें: चाईबासा शहरी क्षेत्र में सचिव डालसा ने किया आश्रयगृह का औचक निरीक्षण, पायी उत्तम व्यवस्था