संदीप बरनवाल/न्यूज़11भारत
गावां/डेस्क: गावां-सतगावां मुख्य मार्ग पर स्थित ब्लॉक मोड़ के पास शुक्रवार को एक बाइक दुर्घटना में 4 वर्षीय बच्चा गंभीर रूप से घायल हो गया. प्राप्त जानकारी के अनुसार, गावां थाना क्षेत्र के खनियापहरी निवासी सुरेश मुर्मू अपने परिवार के साथ सेवाटांड से एक शादी समारोह से लौटकर घर जा रहे थे. इसी दौरान उनके साथ बाइक पर सवार 4 वर्षीय पुत्र अनुज मुर्मू को नींद आ गई. बच्चे को संभालने के दौरान बाइक अनियंत्रित होकर सड़क पर गिर गई.
इस दुर्घटना में बच्चे की आंख में गंभीर चोट लग गई. घटना के बाद परिजन उसे तुरंत सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र गावां ले गए, जहां डॉ. महेश्वरम ने प्राथमिक उपचार किया. स्थिति गंभीर देखते हुए डॉक्टर ने बेहतर इलाज के लिए बच्चे को गिरिडीह सदर अस्पताल रेफर कर दिया.
यह भी पढ़ें: चंदनकियारी में डीटीओ का सख्त वाहन जांच अभियान, पांच ट्रकों पर कार्रवाई; बालू-कोयला माफियाओं में हड़कंप