न्यूज़11 भारत
राजगंज/डेस्क: धनबाद के राजगंज थाना क्षेत्र अंतर्गत पहाड़पुर गांव में रविवार शाम करीब 4:00 बजे एक सड़क हादसे में 5 वर्षीय बच्ची घायल हो गई. बताया जाता है कि पहाड़पुर निवासी विक्रम महतो की पुत्री बबली कुमारी (5 वर्ष) अपने घर के बाहर खेल रही थी. इसी दौरान एक बोलेरो वाहन की चपेट में आने से वह गंभीर रूप से घायल हो गई. हादसे में बच्ची के सिर में चोटे आई है.
बताया जाता है कि संबंधित बोलेरो वाहन एक बारात में शामिल होने के लिए गांव आया था. घटना के बाद मौके पर ग्रामीणों की भारी भीड़ जुट गई. बच्ची के घायल होने से आक्रोशित ग्रामीणों ने बोलेरो वाहन को रोक लिया और उसके शीशे क्षतिग्रस्त कर दिए. इस दौरान वाहन में सवार दो लोगों के साथ मारपीट किए जाने की भी सूचना है. स्थानीय लोगों के अनुसार, घायल बच्ची को तत्काल उपचार के लिए अस्पताल ले जाया गया, जहां प्राथमिक इलाज के बाद उसकी स्थिति सामान्य बताई जा रही है. इलाज सुनिश्चित होने के बाद ग्रामीणों ने बोलेरो वाहन को जाने दिया.