न्यूज11 भारत
मनोहरपुर/डेस्क: पश्चिमी सिंहभूम जिले के गोइलकेरा प्रखंड अंतर्गत गम्हरिया पंचायत के बलिया गांव निवासी मनियां सुरीन (28 वर्ष) की नाव पलटने की घटना में मौत हो गई. हादसा शनिवार दोपहर करीब 2 से 3 बजे के बीच की बताई जा रही है. घटना के समय नाव में तीन ग्रामीण मौजूद थे. जानकारी के अनुसार, मनियां सुरीन कोकोगोदाह गांव से राशन का चावल लेकर नाव से वापस अपने गांव लौट रहा था. इसी दौरान रास्ते में नाव पलट गई और मनियां सुरीन पानी में डूबकर लापता हो गया. घटना के बाद ग्रामीणों ने उसकी काफी खोजबीन की.
रविवार सुबह रेला स्कूल के समीप ग्रामीणों ने खोजबीन के दौरान मनियां सुरीन का शव बरामद किया. शव मिलने की सूचना के बाद परिजनों में मातम छा गया. गांव में भी शोक का माहौल है. ग्रामीणों ने बताया कि क्षेत्र में आवागमन के लिए नाव का उपयोग किया जाता है. नाव पलटने की घटना के बाद ग्रामीणों में चिंता का माहौल बना हुआ है. घटना की सूचना गोइलकेरा थाना प्रभारी को दे दी गई है.
यह भी पढ़ें: केचकी स्टेशन पर एक्सप्रेस ट्रेनों के ठहराव की मांग तेज, 15 दिनों में मांग पूरी नहीं होने पर आंदोलन की चेतावनी