न्यूज़11 भारत
रांची/डेस्क: 06 अप्रैल को रामगढ़ जिला अंतर्गत हिसला स्थित मेसर्स झारखंड इस्पात प्लांट प्राइवेट लिमिटेड में इंडक्शन फर्नेस में दुर्घटना हो जाने के कारण 3 मजदूर की मौत हो गई तथा 06 घायल हो गए. घटना की जैसे ही जानकारी मंत्री श्रम नियोजन, प्रशिक्षण एवं कौशल विकास विभाग झारखंड सरकार को हुई, तत्काल एक हाई लेवल कमिटी बनाने का निर्देश विभागीय सचिव को दिया.
आज 07 अप्रैल को मंत्री संजय प्रसाद यादव ने सर्वप्रथम देवकमल हॉस्पिटल रांची में इलाजरत मजदूर से मिलकर उनका हाल-चाल जाना और उनके परिवार को भरोसा दिलाया कि जो भी खर्च इलाज में होगा, किया जाएगा और उनका इलाज बेहतर से बेहतर कैसे हो, इसको लेकर अस्पताल प्रबंधन को निर्देश दिया. तत्पश्चात तीनों मृतक परिवार के आश्रितों से मिलने के लिए रामगढ़ में मृतक के आश्रितों के निवास स्थान पर गए. तीनों मृतक परिवार के घर पर जाकर 21-21 लाख रुपए का चेक जो फैक्ट्री प्रबंधन द्वारा दिया गया था, उन्हें दिया और उन्होंने सभी को भरोसा दिलाया कि जो भी कानून के तहत होगा, वो विभाग द्वारा दिया जाएगा.
मंत्री ने व्यक्तिगत रूप से भी मृतक के तीनों आश्रितों को अपने तरफ से 21000, 21000 सहयोग राशि देकर कहा कि हर समय मैं आपके दुख सुख में खड़ा रहूंगा. उन्होंने फैक्ट्री इंस्पेक्टर और लेबर इंस्पेक्टर को निर्देश दिया कि टाइम टू टाइम मिलकर उनके आश्रितों को विश्वास दिलाते रहे, बच्चों के पढ़ाई, बच्ची के शादी पर प्रावधान के तहत जो भी खर्च होगा सरकार वहन करेगी. फैक्ट्री इंस्पेक्टर को निर्देश दिया कि मजदूर को जो भी वेतन मलिक के द्वारा मिलता था, पेंशन के रूप में उनके परिवार को फैक्ट्री के मालिक से दिलाने का निर्देश दिया. उन्होंने कहा कि नियम और कानून के तहत जो भी इसमें दोषी होंगे, जांच कमेटी का जो भी रिपोर्ट आएगा, उसके तहत कठोर से कठोर कार्रवाई सरकार करेगी.
मंत्री संजय प्रसाद यादव के साथ रामगढ़ की विधायक ममता देवी, प्रदेश प्रवक्ता डॉ मनोज कुमार, उपाध्यक्ष गिरधारी यादव, संतोष यादव , जितेंद्र यादव, संजय यादव, अरुण राय सहित बड़ी संख्या में राजद के नेता कार्यकर्ता उपस्थित थे. इनके अलावे मंत्री के आप्त सचिव, लेबर सुपरीटेंडेंट, फैक्ट्री इंस्पेक्टर सहित सभी विभागीय पदाधिकारी मौजूद थे.
ये भी पढ़ें- ओडिशा में स्वाभिमान समावेश में शामिल हुए सुदेश महतो, कहा- कुड़मी समुदाय को दिशाहीन करने की साजिश