न्यूज़11 भारत
दरभंगा/डेस्क: जिले के अलीनगर प्रखंड के जगवनी गांव से एक चौंकाने वाली घटना सामने आई है, जहां एक विवाहित महिला अपने ही पति के बहनोई (नंदोई) के साथ फरार हो गई. इस घटना के बाद पूरे इलाके में चर्चा का माहौल है, वहीं पीड़ित पति और उसका परिवार गहरे सदमे में है.
प्राप्त जानकारी के अनुसार, जगवनी गांव निवासी दिनेश कुमार यादव की 26 वर्षीय पत्नी प्रियंका देवी करीब एक महीने पहले अपने पिता के साथ अपने मायके सकतपुर थाना क्षेत्र के देवना गांव गई थी. हैरानी की बात यह रही कि वह अपने दो छोटे बच्चों 5 वर्षीय प्रशांत कुमार और करीब ढाई साल के दिव्यांशु कुमार को ससुराल में ही छोड़कर चली गई. पीड़ित पति ने बताया कि 30 मार्च को ससुर का फोन आने के बाद मामले का खुलासा हुआ, जब दोनों पक्षों को पता चला कि प्रियंका न तो मायके में है और न ही ससुराल में. इसके बाद परिजनों ने उसकी खोजबीन शुरू की, लेकिन कोई सुराग नहीं मिला.
जांच के दौरान मामला तब और उलझ गया जब पता चला कि महिला का संपर्क बलेतापुल गांव निवासी उसके नंदोई धनिक लाल यादव उर्फ सरदार जी (55 वर्ष) से था. बताया जाता है कि 15 फरवरी को एक शादी समारोह के दौरान दोनों के बीच नजदीकियां बढ़ीं. 18 फरवरी को इस संबंध को लेकर पति और नंदोई के बीच विवाद भी हुआ था. घटना के बाद पंचायत भी बुलाई गई थी. 22 फरवरी को महिला ससुराल लौटी, लेकिन 25 फरवरी को मायके पक्ष उसे फिर अपने साथ ले गया. आरोप है कि 29 मार्च को वह अपने नंदोई के साथ फरार हो गई.
पीड़ित का यह भी आरोप है कि पत्नी घर से जाते समय करीब 4 लाख रुपये के जेवरात, 10 हजार रुपये नकद और एक मोबाइल फोन भी साथ ले गई है. दिनेश यादव, जो टेंट में बिजली का काम कर परिवार चलाते हैं, ने बताया कि उनकी बहन (जिसके पति के साथ पत्नी फरार हुई) का 14 महीने पहले कैंसर से निधन हो चुका है. इस घटना के बाद से वह मानसिक रूप से काफी टूट चुके हैं. पीड़ित ने अलीनगर थाना में आवेदन दिया, लेकिन क्षेत्राधिकार का हवाला देकर मामला दर्ज नहीं किया गया. इसके बाद वह न्यायालय की शरण में गया है और अब सकतपुर थाना में प्राथमिकी दर्ज कराने की तैयारी कर रहा है. फिलहाल, पीड़ित परिवार ने प्रशासन से महिला की जल्द बरामदगी और मामले में उचित कार्रवाई की मांग की है.